बुजुर्ग महिला से चेन लूट प्रकरण में पुलिस अधिकारियों पर क्यों गिरी गाज

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (13/01/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक रिहायशी सोसाइटी में लिफ्ट के भीतर बुजुर्ग महिला से चेन लूट के प्रयास की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। क्राइम मीटिंग के बाद थाना बिसरख के प्रभारी मनोज सिंह और एसीपी दीक्षा सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया गया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

यह वारदात चार दिन पूर्व ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ला रेजिडेंशिया सोसाइटी के बी-1 टावर, फ्लैट संख्या 15 के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला भारती जानी अपनी बच्ची के साथ लिफ्ट में सवार होने जा रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक अचानक उनके पीछे लिफ्ट में घुस आया और चेन छीनने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और मौके से भाग निकला।

घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने फ्लैट तक पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना से अवगत कराया। परिजनों के अनुसार, इस घटना से महिला मानसिक रूप से काफी भयभीत हैं।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हेलमेट पहने संदिग्ध को लिफ्ट में प्रवेश करते और वारदात के बाद तेजी से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। पीड़िता के बेटे नरेंद्र जानी ने बताया कि लिफ्ट जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान में इस तरह की घटना से परिवार स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि उनकी मां घटना के बाद से सदमे में हैं और असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

वारदात के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में आक्रोश व्याप्त है। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। उनका कहना है कि भारी मेंटेनेंस शुल्क वसूले जाने के बावजूद न तो पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात हैं और न ही निगरानी की कोई ठोस व्यवस्था की गई है। लोगों ने मांग की है कि सोसाइटी प्रबंधन और पुलिस प्रशासन दोनों मिलकर सुरक्षा को मजबूत करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही, सोसाइटी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।