दनकौर में रंजिश का खूनी रूप, युवक को कार से कुचलने की कोशिश के बाद बेरहमी से पीटा
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (11/01/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया गया। पहले उसकी बाइक को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारी गई और फिर लाठी-डंडों व हथियारों से बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
यह सनसनीखेज वारदात बागपुर गांव के पास की है। नवादा गांव निवासी योगेंद्र शर्मा के पुत्र प्रिंस शर्मा निजी कंपनी में कार्यरत हैं और ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपने एक साथी को बागपुर गांव में उतारा। इसी दौरान गांव के ही पांच युवकों ने घात लगाकर सामने से आ रही कार से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही प्रिंस सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें संभलने का मौका दिए बिना लाठी-डंडों और हथियारों की बट से हमला कर दिया। राह से गुजर रहे लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दो दिन पहले प्रिंस के एक मित्र का बागपुर गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उस समय प्रिंस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया था। इसी बात को लेकर आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे और मौका पाकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद परिजन घायल प्रिंस को तत्काल ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे कड़ी निगरानी में रखा गया है।
इस मामले में पीड़ित पक्ष ने रविवार को दनकौर कोतवाली में तहरीर देकर दो नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।