ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट चेन स्नैचिंग केस का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (11/01/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसाइटी में लिफ्ट के अंदर बुजुर्ग महिला से चेन लूटने की कोशिश करने वाले बदमाश को कमिश्नरेट पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना थाना बिसरख क्षेत्र की है। आरोपी 8 जनवरी की शाम ला रेजिडेंशिया सोसाइटी के एक टॉवर की लिफ्ट में हेलमेट पहनकर दाखिल हुआ था और बुजुर्ग महिला से चेन छीनने का प्रयास किया था। महिला के शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार शाम थाना बिसरख पुलिस सेक्टर-3 स्थित ऐस सिटी गोलचक्कर से खैरपुर गोलचक्कर की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वह नहीं रुका और अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगा।
संदेह गहराने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में ले लिया।
घायल बदमाश की पहचान राहुल यादव (24 वर्ष), निवासी ग्राम नगला सलेम, थाना सहपऊ, जिला हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया है कि यह मोटरसाइकिल भी थाना बिसरख क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मार्च 2025 में ग्राम चिपियाना बुजुर्ग स्थित देशी शराब के ठेके के बाहर से बाइक चोरी की थी और 8 जनवरी को लिफ्ट में चेन लूटने का प्रयास भी उसी ने किया था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। फिलहाल आरोपी पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, जिस पर पुलिस और प्रशासन की नजर बनी हुई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।