New Delhi News (11 January 2026): मशहूर सिंगर और इंडियन आइडल 3 के विजेता प्रशांत तमांग अब इस दुनिया में नहीं रहे। रविवार को दिल्ली में हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। 43 वर्ष की उम्र में प्रशांत के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है और उनके चाहने वाले गहरे सदमे में हैं।
प्रशांत तमांग को हार्ट अटैक उनके जनकपुरी, दिल्ली स्थित घर पर आया। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत द्वारका के एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्ट अटैक आने से पहले प्रशांत को किसी भी प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य परेशानी नहीं थी और अचानक इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने सभी को सदमे में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि प्रशांत तमांग कुछ समय पहले ही अरुणाचल प्रदेश में एक कार्यक्रम पूरी करके दिल्ली वापस लौटे थे। उसी के कुछ समय बाद उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। परिवार और करीबी दोस्तों ने बताया कि प्रशांत बेहद सादगी से जीवन जीते थे और अपने काम के प्रति हमेशा उत्साहित रहते थे।
प्रशांत तमांग का जन्म 4 जनवरी 1983 को हुआ था। परिवार का पेट पालने के लिए प्रशांत ने कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी की, जहाँ उन्होंने पुलिस ऑर्केस्ट्रा के साथ गाने का भी अनुभव प्राप्त किया।
उनकी संगीत यात्रा 2007 में इंडियन आइडल 3 के लिए ऑडिशन देने से पूरी तरह बदल गई। ऑडिशन में उनकी दिलकश आवाज ने सभी का दिल जीता और वह शो के विनर बने, जिससे वह घर-घर में पहचाने जाने लगे। यह जीत उनके जीवन का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई। इंडियन आइडल जीतने के बाद प्रशांत ने अपना म्यूज़िकल एल्बम धन्यवाद रिलीज किया, जिसने उनके संगीत करियर को और मजबूती दी। इसके अलावा उन्होंने भारत और विदेशों में कई मंचों पर परफॉर्म किया और एक सफल गायक के रूप में खुद को स्थापित किया।
संगीत के अलावा प्रशांत तमांग ने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा। उन्होंने 2010 में नेपाली हिट फिल्म गोरखा पलटन से अभिनय में डेब्यू किया। इसके अलावा उन्होंने Angalo Yo Maya Ko, किना माया मा, Nishani, Pardesi, और Kina Mayama जैसी कई फिल्मों में काम किया और दर्शकों का दिल जीता। प्रशांत तमांग ने वेब सीरीज पाताल लोक 2 में भी अपनी अभिनय प्रतिभा से प्रशंसकों को प्रभावित किया था। उनके इस रूप को दर्शकों ने खूब सराहा था। इसके अलावा वह आने वाली सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान में नजर आने वाले थे, जिसमें उनके फैंस ने उनकी भूमिका को लेकर काफी उत्साह दिखाया था।
प्रशांत तमांग के निधन से मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों को भारी नुकसान हुआ है। उनके आत्मीय व्यवहार, मधुर आवाज और जबरदस्त मंच उपस्थिति के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनके चाहने वाले सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं तथा उनके योगदान को सलाम कर रहे हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।