महिला सशक्तिकरण, फैक्ट्री रजिस्ट्रेशन व श्रमिक कल्याण पर जागरूकता अभियान, IBA– Greater Noida Authority की संयुक्त पहल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (10/01/2026): महिला सशक्तिकरण को ज़मीनी स्तर पर मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर एवं कारखाना अधिनियम विभाग के सहयोग से मिशन शक्ति 5.0, वर्कर्स कल्याण और फैक्ट्री एवं वर्कशॉप एक्ट के तहत रजिस्ट्रेशन को लेकर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

यह कार्यक्रम शुक्रवार को ईकोटेक-3 स्थित आर्य फैशन परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला वर्कर्स, महिला उद्यमी और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में एडिशनल डीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह मौजूद रहे।

वहीं विशिष्ट अतिथियों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओएसडी अर्चना द्विवेदी एवं गौतमबुद्ध नगर के सहायक निदेशक कारखाना अंशुल तिवारी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं उपाध्यक्षा डॉ. खुशबू सिंह ने संयुक्त रूप से किया, जबकि उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।

मिशन शक्ति महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त मंच: सुमित यादव
मुख्य अतिथि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का यह पांचवां चरण है, जिसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की थी।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि महिलाएं केवल कार्यबल का हिस्सा न बनें, बल्कि निर्णय-निर्माण और नेतृत्व की भूमिका में भी आगे आएं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण महिलाओं को स्वरोजगार, स्किल डेवलपमेंट और उद्यमिता के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बनकर अपने परिवार और समाज को आगे बढ़ा सकें।
खामोशी नहीं, शिकायत ही सुरक्षा है: एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह
एडिशनल डीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला सुरक्षा तभी संभव है जब महिलाएं अपने अधिकारों को जानें और गलत के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल या घर में किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, शोषण या डराने-धमकाने की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच नजदीकी महिला पुलिस चौकी या पिंक बूथ से संपर्क करें।
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से फोटो और वीडियो का दुरुपयोग कर महिलाओं को ब्लैकमेल करने के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने पर त्वरित कार्रवाई और कानूनी संरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सशक्तिकरण की नींव बताते हुए कहा कि आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ महिलाओं का मजबूत और सजग होना भी उतना ही जरूरी है। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़ी पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस हर महिला के साथ खड़ी है और आगे भी रहेगी।

फैक्ट्री और वर्कशॉप रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया हुई सरल: अंशुल तिवारी
गौतमबुद्ध नगर के सहायक निदेशक कारखाना अंशुल तिवारी ने फैक्ट्री एवं वर्कशॉप एक्ट के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि अब उद्योगों और दुकानों का पंजीकरण सरल, पारदर्शी और ऑनलाइन हो गया है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं नए उद्यमियों और स्टार्टअप्स को शुरुआत से ही तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग प्रदान करती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फैक्ट्री या शॉप से जुड़ी किसी भी समस्या में विभाग पूर्ण मार्गदर्शन और सहयोग देगा।
वर्कर्स का सशक्तिकरण IBA का संकल्प: अमित उपाध्याय
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल उद्योगों का विकास नहीं, बल्कि वर्कर्स का सुरक्षित, सशक्त और सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से महिला वर्कर्स को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई है। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
घर से फैक्ट्री तक का सफर: महिला उद्यमिता की प्रेरक मिसाल बनीं डॉ. खुशबू सिंह
IBA उपाध्यक्षा डॉ. खुशबू सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक महिला के लिए घर से बाहर निकलकर काम शुरू करना आसान नहीं होता। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने उद्यम की शुरुआत घर के कमरों से की और आज 500 मीटर क्षेत्र में फैली फैक्ट्री का संचालन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी फैक्ट्री में कार्यरत महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष ध्यान दिया जाता है, क्योंकि स्वस्थ और सुरक्षित महिला ही सशक्त समाज की नींव होती है। उन्होंने इस जागरूकता कार्यक्रम को व्यावहारिक, प्रेरणादायक और अत्यंत प्रभावी बताया।
कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिला वर्कर्स की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी सार्थक बना दिया।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।