आतिशी के बयान पर बीजेपी का तीखा हमला: सिख गुरु के अपमान के खिलाफ ‘आप’ कार्यालय घेराव का ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (08 जनवरी, 2026): दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना द्वारा सिख गुरु तेगबहादुर सिंह जी को लेकर दिए गए बयान पर सियासत गरमा गई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे कोई सामान्य भूल नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी की उस मानसिकता का प्रतिबिंब बताया जो बार-बार देश की आस्था, संस्कृति और सम्मानित समुदायों को निशाना बनाती रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देशवासी इस तरह के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीरेंद्र सचदेवा ने घोषणा की कि सिख गुरु साहिब के कथित अपमान के विरोध में शुक्रवार सुबह 11 बजे दिल्ली भाजपा सिख प्रकोष्ठ एवं पार्टी के कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आतिशी मार्लेना ने तुरंत बिना शर्त सार्वजनिक माफी नहीं मांगी और पार्टी ने अपने सिख विरोधी रवैये पर जवाबदेही तय नहीं की, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक व तीव्र किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान सचदेवा ने 6 जनवरी की रात तुर्कमान गेट मस्जिद के आसपास अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई घटनाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ यूट्यूबरों द्वारा लोगों को भड़काया गया और इस दौरान पथराव की घटनाएं सामने आईं। साथ ही समाजवादी पार्टी के सांसद मौहिबुल्लाह नाबिद की मौके पर मौजूदगी को गंभीर बताते हुए दिल्ली पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच की मांग की, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं यह किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा तो नहीं था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने जामा मस्जिद के चारों ओर हुए अतिक्रमण को भी चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल क्षेत्र में गंदगी फैलती है, बल्कि मस्जिद की सुरक्षा को भी खतरा पैदा होता है। इस संदर्भ में उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा सर्वे कर रिपोर्ट मांगे जाने के आदेश का स्वागत किया और प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह से तुरंत सर्वे शुरू कराने का अनुरोध किया।

इस मौके पर महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह और दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर भी उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि एक ही दिन में सिख गुरु साहिब पर टिप्पणी और रात में तुर्कमान गेट पर तनावपूर्ण हालात, आम आदमी पार्टी और उससे जुड़े राजनीतिक तत्वों के दोहरे चरित्र को उजागर करते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।