प्रेम-प्रसंग के शक में युवक पर चाकू से हमला, दो भाई नामजद

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (08/01/2026): सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बहन से प्रेम-संबंध के संदेह में दो सगे भाइयों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की मां की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला संगम तिवारी पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ चोटपुर कॉलोनी में रह रहा है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे, कॉलोनी के ही निवासी श्रीकांत और उसका चचेरा भाई राज सिंह हाथों में चाकू लेकर संगम के पास पहुंचे। दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उसे धमकाते हुए आरोप लगाया कि वह श्रीकांत की बहन को फोन कर परेशान करता है और उससे प्रेम-संबंध रखता है।

जब संगम ने आरोपों को खारिज करते हुए विरोध किया, तो दोनों आरोपी आपा खो बैठे और उस पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। चाकू लिए युवकों को देखकर स्थानीय लोग डर के कारण दूरी बनाए रहे। हमला कर आरोपी युवक को गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संगम को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

पीड़ित की मां कंचन तिवारी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि श्रीकांत की बहन उनके बेटे संगम को बार-बार फोन करती थी, जिसका संगम ने विरोध किया था। इस बारे में परिजनों ने श्रीकांत के परिवार को भी जानकारी दी थी। आरोप है कि अपनी बहन को समझाने के बजाय श्रीकांत ने चचेरे भाई राज सिंह के साथ मिलकर संगम पर जानलेवा हमला कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।