छोटे कमरे से बड़ी कंपनी की उड़ान तक: आर्यन फैशन के 8 साल की कड़ी मेहनत पर बोली डॉ. खुशबू सिंह
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/01/2026): मेहनत इतनी ख़ामोशी से करो कि एक दिन सफलता खुद शोर मचा दे, इस कथन की जीवंत मिसाल हैं, आर्या फ़ैशन (Aarya Fashions) की फ़ाउंडर और सीईओ, डॉक्टर ख़ुशबू सिंह।

लगभग आठ वर्ष पहले डॉ. ख़ुशबू सिंह ने घर के एक छोटे से कमरे से फैशन की दुनिया में अपने सपनों को आकार देना शुरू किया था। संघर्ष, लगन और निरंतर मेहनत के दम पर आज आर्या फ़ैशन एक सशक्त और स्थापित ब्रांड के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। एक छोटे से सपने से एक बड़ी कंपनी तक का यह सफर आसान नहीं था, लेकिन डॉ. ख़ुशबू सिंह की दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदृष्टि और नेतृत्व ने इसे संभव बनाया। उनकी इसी प्रेरणादायक आठ वर्षों की यात्रा पर पैनी की टीम ने उनसे खास बातचीत की। डॉ. ख़ुशबू सिंह इंडस्ट्रियल बिजनेस संगठन की वाइस प्रेसिडेंट भी हैं।
डॉ. ख़ुशबू सिंह ने बताया कि आज आर्या फ़ैशन अपने सफर के आठ वर्ष पूरे कर चुका है। यह यात्रा एक छोटे से कमरे से शुरू हुई थी और आज एक मजबूत और संगठित बिजनेस के रूप में खड़ी है। उन्होंने कहा कि आर्या फ़ैशन का एनुअल डे सेलिब्रेट करना उनके लिए गर्व का विषय है। यह सफलता किसी एक दिन में नहीं मिली, बल्कि वर्षों की तपस्या, मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। दो कमरों से शुरू हुआ यह काम आज उनकी अपनी फैक्ट्री तक पहुंच चुका है।
उन्होंने बताया कि लगभग 500 मीटर क्षेत्र में फैली पांच मंजिला फैक्ट्री में आज 80 से 90 लोग सीधे तौर पर कार्यरत हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न गांवों से करीब दो से ढाई हजार महिलाएं कंपनी के प्रोडक्शन से जुड़ी हुई हैं। गांव-गांव तक महिलाओं को रोजगार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना ही आर्या फ़ैशन की सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है।
डॉ. ख़ुशबू सिंह ने कहा कि अब तक उन्हें जो भी सम्मान मिले हैं, वे उनके लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेंगे। कंपनी के तीन वर्ष पूरे होने पर योगी सरकार द्वारा मिला स्टेट अवॉर्ड हो या पिछले वर्ष प्राप्त गिरिराज सेबी अवॉर्ड—हर सम्मान ने उन्हें और अधिक जिम्मेदारी और संकल्प के साथ आगे बढ़ने की शक्ति दी है।

उन्होंने आगे बताया कि आर्या फ़ैशन में मुख्य रूप से हैंडीक्राफ्ट, इनविटेशन सेगमेंट और फैशन ज्वैलरी पर कार्य किया जाता है। वैक्स वर्क को भी उन्होंने अपने प्रोडक्शन का अहम हिस्सा बनाया है। नई आर्थिक सोच के साथ आगे बढ़ती यह कंपनी आज एक्सपोर्ट के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है।
डॉ. ख़ुशबू सिंह ने यह भी बताया कि उनकी फैक्ट्री से जुड़ी 2000 से अधिक महिलाएं सीधे तौर पर प्रोडक्शन में संलग्न हैं। फैक्ट्री में उन्हें विशेष ट्रेनिंग दी जाती है, जिससे वे ज्वैलरी निर्माण की कला सीखकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सुई-धागा चलाना भले ही हर महिला जानती हो, लेकिन ज्वैलरी बनाना एक हुनर है, जिसे सीखकर महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं।

आठ वर्षों के इस सफर के बाद भी डॉ. ख़ुशबू सिंह का लक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा, “आसमान अभी बहुत बड़ा है, हमने तो अभी उड़ान भरना शुरू ही किया है।” महिलाओं के नाम अपने संदेश में उन्होंने कहा कि कभी भी खुद को कमजोर न समझें और किसी पर निर्भर न रहें। अपनी ताकत को पहचानें, क्योंकि महिलाओं में सहनशीलता, साहस और संघर्ष की जो शक्ति होती है, वही उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाती है।

घर के एक छोटे से कमरे से शुरू हुई यह यात्रा आज हजारों महिलाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है। आर्या फ़ैशन सिर्फ एक कंपनी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की उस सोच का प्रतीक है, जहां महिला सशक्तिकरण केवल शब्द नहीं, बल्कि जमीन पर उतरी हुई हकीकत है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।