पीएम मोदी ने पिपरहवा अवशेषों पर अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (03 January 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजधानी के राय पिथौरा कल्चरल कॉम्प्लेक्स में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी ‘द लाइट एंड द लोटस: रेलिक्स ऑफ द अवेकन्ड वन’ का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 127 वर्ष बाद पिपरहवा रत्न अवशेषों की भारत वापसी के साथ एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
प्रदर्शनी में वर्ष 1898 में पिपरहवा में हुई पहली खुदाई तथा 1971 से 1975 के बीच हुए पुरातात्विक उत्खनन के दौरान प्राप्त अवशेषों, रत्नों और ऐतिहासिक सामग्री को प्रदर्शित किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार ये अवशेष प्रारंभिक बौद्ध धर्म से जुड़े सबसे प्राचीन और प्रमाणिक साक्ष्यों में शामिल हैं, जिनका सीधा संबंध भगवान बुद्ध से माना जाता है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पुरातात्विक साक्ष्य पिपरहवा स्थल को प्राचीन कपिलवस्तु से जोड़ते हैं। कपिलवस्तु को वह स्थान माना जाता है जहां गौतम बुद्ध ने संन्यास से पहले अपना प्रारंभिक जीवन बिताया था। इसी कारण इन अवशेषों का धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वैश्विक स्तर पर अत्यंत विशेष है।

यह प्रदर्शनी न केवल भारत बल्कि विदेशों से आए इतिहासकारों, बौद्ध अनुयायियों और संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों को भी आकर्षित कर रही है। सरकार का कहना है कि यह आयोजन भारत की प्राचीन विरासत के संरक्षण, पुनर्प्राप्ति और वैश्विक स्तर पर उसके प्रचार-प्रसार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हाल ही में अवशेषों की वापसी अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विभिन्न संस्थानों के समन्वित प्रयासों से संभव हो सकी है।
थीम आधारित इस प्रदर्शनी के केंद्र में सांची स्तूप से प्रेरित एक विशेष पुनर्निर्मित मॉडल प्रस्तुत किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय संग्रहालय की मूल धरोहरों के साथ पिपरहवा के लौटाए गए रत्नों को एक साथ प्रदर्शित किया गया है। इससे दर्शकों को बौद्ध परंपरा की ऐतिहासिक निरंतरता का अनुभव मिलता है।
प्रदर्शनी को आधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीकों से भी सुसज्जित किया गया है। इमर्सिव फिल्में, डिजिटल रिकंस्ट्रक्शन और मल्टीमीडिया प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन, पिपरहवा अवशेषों की खोज और उनकी शिक्षाओं से जुड़ी जानकारी को रोचक और सरल रूप में दर्शाया गया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।