नोएडा में मिलावट पर सख्त प्रहार: खाद्य सुरक्षा विभाग ने लगाया 3.50 करोड़ का जुर्माना

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (03/01/2026): नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए 3.50 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई लगातार की जा रही छापेमारी, जांच और प्रयोगशाला रिपोर्ट में नमूने मानक पर खरे न उतरने के बाद की गई। विभाग की इस सख्ती से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

नववर्ष के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन दिनों तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान जिले के कई नामी-गिरामी रेस्तरां, मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया गया। अभियान के तहत विभागीय टीमों ने 30 अलग-अलग स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा, वहीं नियमों के उल्लंघन पर 40 कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त सर्वेश कुमार ने बताया कि अप्रैल 2024 से 30 नवंबर 2024 के बीच की गई छापेमारी और जांच के दौरान कुल 128 मामलों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन मामलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिसके बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ वाद दायर कर कुल 3.50 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जांच के दौरान दूध, पनीर, घी और मोमोज की चटनी जैसे रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि हुई। अधिकारियों के अनुसार, कुछ प्रतिष्ठित संस्थानों से लिए गए नमूने भी फेल पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि मिलावट केवल छोटे कारोबारियों तक सीमित नहीं है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावट करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन छापेमारी, कड़ी जांच और सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।