दिल्ली विधानसभा में अटल–मालवीय को श्रद्धांजलि, सीएम रेखा गुप्ता का संबोधन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (03 January 2026): शनिवार को दिल्ली विधानसभा में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के चित्रों का अनावरण किया गया। मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के उन युगपुरुषों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है, जिन्होंने अपने विचारों, त्याग और समर्पण से भारत की नींव को मजबूत किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि जब काशी में हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए मालवीय जी हैदराबाद के निजाम के पास सहयोग मांगने पहुंचे, तो निजाम ने यह कहते हुए मदद से इनकार कर दिया कि यह हिंदू विश्वविद्यालय है। इस पर मालवीय जी ने विनम्रता से कहा कि खाली हाथ तो न लौटाएं। निजाम ने प्रतीक स्वरूप अपनी पुरानी जूतियां दे दीं, जिन्हें मालवीय जी ने स्वीकार कर लिया और बाद में नीलाम कर दिया। जब यह बात निजाम तक पहुंची तो उन्होंने स्वयं सहयोग देने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने इसे महामना की दूरदर्शिता और विचारशीलता का अद्भुत उदाहरण बताया।

सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि अटल जी एक ऐसे राष्ट्रनेता थे, जिनकी देशभक्ति और दूरदर्शी सोच ने भारत को नई दिशा दी। उन्होंने नदियों को जोड़ने, सड़कों के नेटवर्क के जरिए राज्यों को जोड़ने और समग्र विकास की जो कल्पना की थी, वह आज विकसित भारत की नींव बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने अटल जी को युगपुरुष बताते हुए कहा कि उनकी योजनाएं आज भी देश को आगे बढ़ाने में मार्गदर्शक हैं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि आज़ादी के 78 वर्षों बाद भारत आत्मविश्वास के वटवृक्ष के रूप में खड़ा है, जिसकी शाखाओं पर विकास के फूल खिले हैं। उन्होंने कहा कि इस गौरव के अधिकारी वे सभी स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रभक्त और योद्धा हैं, जिन्होंने अपने जीवन का बलिदान देकर इस देश को सींचा। संविधान सभा परिसर में अटल जी और महामना मालवीय जी के चित्रों की स्थापना उन सभी महान आत्माओं को नमन करने जैसा है।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल जी की जन्म शताब्दी के वर्ष में उन्हें स्मरण करना और सम्मान देना हम सभी का कर्तव्य है, ताकि विकसित भारत 2047 के विजन को साकार किया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।