छठ आस्था को ठेस पहुंचाने के पापों के लिए ‘आप’ ने मां यमुना घाट पर कराया हवन
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (31 दिसंबर 2025): आम आदमी पार्टी ने छठ महापर्व के दौरान दिल्ली में पूर्वांचली समाज की धार्मिक आस्था के साथ हुए कथित खिलवाड़ को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को ‘आप’ नेताओं ने भाजपा सरकार के “पापों की क्षमा” के लिए कालिंदी कुंज स्थित छठ घाट पर मां यमुना के तट पर हवन किया और छठी मैया व सूर्य भगवान से प्रार्थना की। इस मौके पर ‘आप’ विधायक संजीव झा, पूर्व विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी और विनय मिश्रा मौजूद रहे।
दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने दिल्ली के पूर्वांचली समाज से झूठ बोलकर सीवर के गंदे पानी से छठी मैया और सूर्य भगवान को अर्घ्य दिलवाने का पाप किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छठ के दौरान यमुना के पानी को साफ और आचमन योग्य बताकर सरकार ने लोगों की पवित्र आस्था का मजाक बनाया, जिसके प्रायश्चित स्वरूप आम आदमी पार्टी ने यमुना तट पर हवन कराया।
हवन के बाद बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि हाल ही में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने स्वयं स्वीकार किया है कि यमुना का पानी नहाने या आचमन योग्य नहीं है, बल्कि उसमें सीवर का गंदा पानी मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि छठ पूर्वांचल समाज का सबसे पवित्र पर्व है, जो शुद्धता और साफ-सफाई से जुड़ा है, लेकिन भाजपा नेताओं ने छठ से पहले दावा किया था कि यमुना पूरी तरह साफ है और लोग उसमें आचमन कर सकते हैं।
संजीव झा ने कहा कि भाजपा के गलत प्रोपेगेंडा के कारण श्रद्धालुओं ने गंदे पानी में आस्था निभाई, जिससे छठ पूजा अशुद्ध हुई। इसी पीड़ा के साथ ‘आप’ नेताओं ने भगवान सूर्य से क्षमा याचना की और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा उनकी कैबिनेट को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना आज नाले का रूप ले चुकी है और हर ओर झाग दिख रहा है, जो भाजपा सरकार की विफलता का प्रतीक है।
पूर्व विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार ने छठ जैसे पवित्र महापर्व पर लोगों को भ्रम में रखकर गंदे पानी में अर्घ्य देने के लिए मजबूर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं ने खुद पानी पीकर या दिखावे के जरिए लोगों को गुमराह किया, जिससे पूर्वांचल समाज की भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा धार्मिक और नैतिक अपराध है, जिसके लिए भाजपा को पूर्वांचलियों से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं पूर्व विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि छठ पूजा शुद्धता और संयम का पर्व है, जिसमें 72 घंटे तक कठिन व्रत रखा जाता है और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने छठ के समय यमुना को साफ बताकर दिल्ली के लोगों से झूठ बोला, जबकि अब वही मंत्री यमुना के पानी को सीवर का पानी बता रहे हैं। इसी कारण ‘आप’ नेताओं ने यमुना तट पर क्षमा याचना पूजा और हवन कर भगवान सूर्य से माफी मांगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।