मंथन से नवनिर्माण की ओर: भारत विकास परिषद का दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन ग्रेटर नोएडा में संपन्न
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (28/12/2025): भारत विकास परिषद के उत्तर मध्य क्षेत्र द्वारा “मंथन : नवनिर्माण” विषय पर आधारित दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन–2025 का भव्य आयोजन पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रांत के आतिथ्य में महाराजा अग्रसेन भवन, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में संगठन की दिशा, दशा और भविष्य की योजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन में रोहेलखंड पूर्व एवं पश्चिम, उत्तराखंड पूर्व एवं पश्चिम, हस्तिनापुर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ब्रज प्रांत तथा ब्रज उत्तर क्षेत्र से लगभग 650 से अधिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य परिषद की विभिन्न गतिविधियों का आत्मचिंतन एवं आत्ममंथन करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, कार्यों की समीक्षा करना तथा भावी रणनीतियों को तय करना रहा।

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। दूसरे दिन के प्रथम सत्र में संस्कार, संपर्क, पर्यावरण, महिला सहभागिता, वित्त एवं संगठनात्मक गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित समूह चर्चाओं की समीक्षा की गई। इसके उपरांत आयोजित मुक्त चिंतन एवं प्रश्नोत्तर सत्र में कार्यकर्ताओं द्वारा रखे गए सुझावों और समस्याओं पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
अगले सत्र में राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री विनीत गर्ग ने अपने प्रेरक उद्बोधन में ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्वदेशी आचरण, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा ने सम्मेलन के दोनों दिनों का समग्र सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि एक श्रेष्ठ कार्यकर्ता के भीतर पाँच गुणों का होना आवश्यक है—मधुर वाणी, विषय की पूर्ण जानकारी, विनम्रता, विवेकशीलता और सुदृढ़ शारीरिक क्षमता। वहीं, क्षेत्रीय महासचिव राजीव गोयल ने अपने सुसंगठित, ज्ञानवर्धक एवं काव्यात्मक शैली में कार्यक्रम संचालन करते हुए सभी को प्रभावित किया।
सम्मेलन के समापन सत्र में कार्यक्रम समन्वयक राजेश पालीवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रांत द्वारा किए गए उत्कृष्ट आतिथ्य की सराहना की। उन्होंने प्रांतीय अध्यक्ष कवित बंसल एवं प्रांतीय महासचिव श्रीमती मुक्ता अग्रवाल के समर्पित एवं कर्मठ योगदान की विशेष रूप से प्रशंसा की।
इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में वित्त सचिव प्रवेश चंद गुप्ता, प्रांतीय मार्गदर्शक पंकज सक्सेना, कार्यक्रम समन्वयक राजेश पालीवाल सहित सतीश गोयल, लोकेश शर्मा, नीरज गर्ग, राजीव कुमार, विनीत आर्य, तरुणा शर्मा, राकेश मित्तल, हेमंत बाजपेई सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।