पुरानी रंजिश में 11वीं के छात्र पर जानलेवा हमला, दस युवकों ने घेरकर की बेरहमी से पिटाई

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (24/12/2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में मंगलवार को एक इंटर कॉलेज के 11वीं कक्षा के छात्र के साथ पुरानी दुश्मनी के चलते बर्बर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दनकौर कोतवाली क्षेत्र के मुंहफाड़ गांव निवासी मोहित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है। परिजनों ने बताया कि करीब चार माह पहले कॉलेज परिसर में मोहित का सलारपुर गांव के कुछ छात्रों से विवाद हो गया था। उस समय स्कूल प्रशासन और दोनों पक्षों के अभिभावकों की मौजूदगी में समझौता कर मामला शांत करा दिया गया था।

हालांकि आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपी छात्र मन में रंजिश पाले हुए थे। मंगलवार दोपहर कॉलेज की छुट्टी के बाद मोहित पास के एक कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब दस युवकों ने रास्ते में उसकी बाइक रुकवाई और उस पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।

हमलावरों ने छात्र को बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने एक आरोपी की बाइक मौके पर रोक ली। इसके बाद सभी आरोपी अपनी बाइकों को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घायल छात्र को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हमला पूरी तरह से पूर्व नियोजित साजिश के तहत किया गया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है, जिसमें कई युवक छात्र के साथ मारपीट करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इस संबंध में दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।