अब क्या करेंगे ओझा सर?, पटपड़गंज विधानसभा से अवध ओझा का चुनाव लड़ना हुआ मुश्किल!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (13 जनवरी 2025): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पटपड़गंज से आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी अवध ओझा को चुनाव लड़ने से रोकने की साजिश रची जा रही है। केजरीवाल ने दावा किया कि ओझा का नाम ग्रेटर नोएडा की मतदाता सूची में दर्ज था, जिसे हटवाने के लिए उन्होंने 26 दिसंबर को आवेदन किया था, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद, उन्होंने 7 जनवरी को दिल्ली में वोट ट्रांसफर के लिए आवेदन किया।
आवेदन की तिथि पर विवाद
केजरीवाल ने बताया कि 7 जनवरी को फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि थी। पहले दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने आदेश दिया था कि 7 जनवरी तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, लेकिन अगले ही दिन एक नया आदेश जारी कर अंतिम तिथि 6 जनवरी कर दी गई। उन्होंने कहा, “यह कदम कानून के दायरे में नहीं आता और यह स्पष्ट रूप से हमारे प्रत्याशी को रोकने के लिए किया गया है।”
चुनाव आयोग से मुलाकात करेंगे
केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी को अंतिम तिथि बदलने की आवश्यकता क्यों पड़ी। उन्होंने कहा, “हम इस मामले पर चर्चा के लिए आज चुनाव अधिकारी से मिलेंगे और उनसे इस आदेश पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करेंगे।”
भाजपा पर भी लगाए आरोप
इसके अलावा, केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के कई सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों ने बड़े पैमाने पर वोट बनवाने के लिए आवेदन किए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भी चुनाव अधिकारी से बातचीत की जाएगी।
आम आदमी पार्टी ने जताई नाराजगी
केजरीवाल ने इस पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी साजिश करार दिया और कहा कि उनके प्रत्याशियों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के लिए खतरा है। पार्टी ने मांग की है कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।