शारदा विश्वविद्यालय में ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय सेमिनार, AEE दिल्ली चैप्टर की 14वीं एजीएम संपन्न

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (22/12/2025): ऊर्जा संरक्षण और सतत ऊर्जा प्रबंधन को लेकर एसोसिएशन ऑफ एनर्जी इंजीनियर्स (AEE), दिल्ली चैप्टर की 14वीं वार्षिक आम सभा (AGM) एवं एक राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन शारदा विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के बोर्ड रूम में किया गया। इस अवसर पर देश–विदेश से जुड़े ऊर्जा विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लेकर ऊर्जा दक्षता और टिकाऊ विकास पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की शुरुआत दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. आर. के. यादव के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और ऊर्जा संरक्षण को लेकर चल रही पहलों की जानकारी दी। शारदा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवराम खरा ने अपने मुख्य वक्तव्य में ऊर्जा बचत के महत्व और भविष्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सतत विकास के लिए ऊर्जा दक्षता को प्राथमिकता देना समय की मांग है।

सेमिनार में AEE साउथ एशिया के उपाध्यक्ष डॉ. बिनॉय चौधरी, पुणे चैप्टर के अध्यक्ष विनय गाडिकार सहित पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, कोलकाता और नागपुर के विभिन्न चैप्टर्स के अध्यक्ष एवं सचिव ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। सभी ने ऊर्जा संरक्षण की दिशा में की जा रही पहल और संगठन के विस्तार के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। बैठक में पेरेंट बॉडी AEE अटलांटा के साथ मिलकर ऊर्जा दक्षता और सस्टेनेबल प्रैक्टिस को आगे बढ़ाने के साझा मिशन पर विशेष जोर दिया गया।

सेमिनार का सफल संयोजन शारदा विश्वविद्यालय के उप कुलपति डॉ. परमानन्द ने किया, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी डॉ. सुमन लता ने निभाई। इस दौरान प्रो. विवेक कुमार ने वर्ष 2025 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में प्रमुख उपलब्धियों के रूप में 30 अगस्त 2025 को आईआईएसडब्ल्यूबीएम कोलकाता में आयोजित नेट-जीरो कॉन्फ्रेंस और 6 नवंबर 2025 को एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) के साथ नवीकरणीय ऊर्जा एकीकरण और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने हेतु किए गए समझौता ज्ञापन का उल्लेख किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रेम प्रकाश मित्तल को AEE इंटरनेशनल एनर्जी इंजीनियर ऑफ द ईयर 2025 के लिए रनर-अप घोषित किए जाने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही AGM में वर्ष 2026 के लिए नए निदेशक मंडल का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। इसमें डॉ. आर. के. यादव को अध्यक्ष, ए. सी. वर्मा, अतर सिंह और प्रवीण कुमार सूद को उपाध्यक्ष चुना गया। प्रो. विवेक कुमार को सचिव, विपिन रोहिला को संयुक्त सचिव, अजय सिंह को कोषाध्यक्ष, जी. पी. कुमावत को संयुक्त कोषाध्यक्ष तथा एस. एस. मान, डॉ. अल्पना गोयल और डॉ. योगेश गुप्ता को कार्यकारी सदस्य बनाया गया।

तकनीकी सत्र में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। रोहित दत्त पालीवाल ने भारतीय कार्बन बाजार पर, प्रवीण कुमार सूद ने ईवी चार्जिंग और बैटरी तकनीक पर, विक्रांत अग्रवाल ने ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं होम ऑटोमेशन सिस्टम पर तथा विपिन रोहिला ने ईएससीओ मॉडल और मापन एवं सत्यापन (M&V) पर अपने विचार रखे।

लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष नरेश कुमार गुप्ता ने अकादमिक संस्थानों, उद्योग जगत और प्रोफेशनल संगठनों के आपसी सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में सुनील श्रीवास्तव, रविंद्र जोशी, डॉ. उषा तिवारी, डॉ. मुखोपाध्याय, डॉ. सी. मोहन सहित बड़ी संख्या में फैकल्टी सदस्य, छात्र और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े पेशेवर मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।