DM Medha Roopam के निर्देश पर गौतमबुद्ध नगर के रैन बसेरों में फोल्डिंग की व्यवस्था

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (19/12/2025): कड़ाके की सर्दी के बीच निराश्रितों और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम (DM Medha Roopam) के निर्देशों का असर ज़मीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। उनके औचक निरीक्षण के बाद जिले के रैन बसेरों की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। अब यहां ठहरने वाले लोगों को फर्श पर सोने की मजबूरी नहीं होगी, बल्कि फोल्डिंग और लकड़ी के बेड की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।

बुधवार देर रात जिलाधिकारी मेधा रूपम ने ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-2, परी चौक और सेक्टर पी-3 स्थित रैन बसेरों का अचानक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि वहां ठहरे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें भी जानीं। निरीक्षण के समय यह सामने आया कि विश्राम कर रहे लोग फर्श पर बिछे बिस्तरों पर सोने को मजबूर हैं। इस पर डीएम ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गुरुवार रात तक सेक्टर डेल्टा-2 सामुदायिक केंद्र, परी चौक रैन बसेरा और पी-3 सामुदायिक केंद्र समेत अन्य रैन बसेरों में फोल्डिंग और लकड़ी के बेड स्थापित कर दिए। इसके साथ ही वहां स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सर्दी के मौसम को देखते हुए रैन बसेरों की संख्या और सुविधाओं में आवश्यकता अनुसार और भी विस्तार किया जाएगा। प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोई भी निराश्रित, मजदूर या बेसहारा व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर न हो। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि जिले के सभी रैन बसेरे पूर्णतः निशुल्क हैं। कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति बिना किसी औपचारिकता के यहां आकर सुरक्षित और सम्मानजनक ढंग से रात गुजार सकता है।

जिलाधिकारी मेधा रूपम का यह कदम न केवल प्रशासनिक सक्रियता को दर्शाता है, बल्कि संवेदनशील और जनकल्याणकारी शासन का भी उदाहरण प्रस्तुत करता है। सर्द रातों में यह व्यवस्था उन लोगों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, जिनके पास सिर छिपाने के लिए स्थायी ठिकाना नहीं है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।