New Delhi News (19 December 2025): राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार सुबह से ही राजधानी घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। कम दृश्यता के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के चलते हाईवे से लेकर शहर की अंदरूनी सड़कों तक पर वाहन रेंगते दिखाई दिए। मौसम के इस दोहरे प्रहार ठंड और कोहरे ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
IMD का येलो अलर्ट, पूरे हफ्ते घने कोहरे का अनुमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पूरे सप्ताह राजधानी और एनसीआर में कोहरे का असर बना रह सकता है। 21 और 22 दिसंबर को भी Dense Fog का येलो अलर्ट जारी किया गया है। IMD का कहना है कि रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। 20 दिसंबर की रात न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
आज का मौसम: विजिबिलिटी बेहद कम, तापमान में गिरावट
शुक्रवार सुबह दिल्ली के पालम और सफदरजंग जैसे इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा रहेगा। शाम और रात के दौरान धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना भी जताई गई है।
गुरुवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन
IMD के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिसंबर का दिन रिकॉर्ड किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। वहीं रिज इलाके में सबसे कम अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले 4 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और नवंबर में 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है।
पिछले वर्षों के मुकाबले कैसा रहा दिसंबर का तापमान
IMD के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले साल दिसंबर में सबसे कम अधिकतम तापमान 31 दिसंबर 2023 को 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 26 दिसंबर 2022 को यह 15.6 डिग्री और 26 दिसंबर 2021 को 18 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस साल हालांकि अभी तापमान उतना नीचे नहीं गया है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में और गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लगातार ठंडी हवाओं और कोहरे ने ठंड के असर को और बढ़ा दिया है।
कोहरे का असर हवाई यातायात पर, 27 फ्लाइट्स रद्द
घने कोहरे और बेहद कम विजिबिलिटी का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर देखने को मिला। गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट से अलग-अलग एयरलाइंस की 27 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं, जिनमें 16 डिपार्चर और 11 अराइवल शामिल हैं। इसके अलावा कई फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। जानकारी के मुताबिक केवल इंडिगो की ही 59 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि CAT-III कंडीशन में फ्लाइट ऑपरेशन चल रहे हैं, जिससे आगे भी देरी या रद्द होने की आशंका बनी हुई है।
ठंड और कोहरे के बीच प्रदूषण की मार जारी
ठंड और कोहरे के साथ-साथ दिल्ली की हवा में भी कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार सुबह 7:30 बजे दिल्ली का औसत AQI 387 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में फरीदाबाद का AQI 352, गुरुग्राम 362, गाजियाबाद 378, ग्रेटर नोएडा 355 और नोएडा 339 रिकॉर्ड किया गया। राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर पहुंच गया है। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।