iPhone लुटेरों का गिरोह बेनकाब: दिल्ली-NCR से मथुरा तक वारदात करने वाले चार शातिर गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (18/12/2025): दिल्ली-एनसीआर, बुलंदशहर और मथुरा में आईफोन धारकों को निशाना बनाकर लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का थाना फेज-1 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को सेक्टर-14 इलाके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दो करोड़ रुपये कीमत के 70 मोबाइल फोन, 28 आईपैड, एक एप्पल टीवी और लगभग 250 मोबाइल पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में 60 आईफोन शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज, फरदीन और दानिश सहित चार लोगों के रूप में हुई है। सभी आरोपी पुरानी दिल्ली के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार दानिश इस गिरोह का मास्टरमाइंड है, जो चोरी किए गए महंगे मोबाइल की खरीद-फरोख्त और तकनीकी रूप से लॉक तोड़ने का काम संभालता था।

डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। आरोपी समूह बनाकर दिल्ली, नोएडा, एनसीआर, बुलंदशहर और मथुरा के भीड़-भाड़ वाले इलाकों, जनसभाओं और बड़े आयोजनों में पहले रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही आईफोन और अन्य महंगे मोबाइल फोन चोरी या छिनैती कर लेते और तुरंत वहां से निकल जाते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को जनसभा या कार्यक्रम का समर्थक बताकर भीड़ में शामिल होते थे, ताकि किसी को शक न हो। चोरी के बाद सभी मोबाइल दानिश की दुकान तक पहुंचाए जाते थे, जहां खास डिवाइस की मदद से मोबाइल का लॉक तोड़ा जाता था। इसके बाद ग्राहक की मांग के अनुसार मोबाइल या उसके पार्ट्स बेच दिए जाते थे और मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।

डीसीपी ने खुलासा किया कि आरोपी धार्मिक आयोजनों और जनसभाओं में नाम बदलकर शामिल होते थे। यदि कोई हिंदू जनसभा होती तो वहां की वेशभूषा और प्रतीक अपनाकर खुद को उसी समुदाय का हिस्सा बताते थे। बातचीत के जरिए लोगों का भरोसा जीतते और फिर वारदात कर फरार हो जाते थे। दिल्ली में भी वे आसपास के लोगों में घुल-मिलकर रहते थे, जिससे उन पर किसी तरह का संदेह न हो।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का निशाना केवल ट्रेंडिंग और महंगे मोबाइल फोन होते थे। विशेष रूप से लेटेस्ट आईफोन और हाई-एंड डिवाइस की पूरी जानकारी इनके पास होती थी। बाजार में मांग के अनुसार ही ये वारदात करते थे, ताकि माल तुरंत बिक सके।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 500 से अधिक घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है। दिल्ली सहित अन्य जिलों को भी आरोपियों की जानकारी भेजी जा रही है, ताकि वहां दर्ज मामलों का मिलान किया जा सके। पुलिस का कहना है कि गिरोह की गिरफ्तारी से मोबाइल लूट और चोरी की कई बड़ी घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है। मामले में आगे की जांच जारी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।