गुलशन मॉल के सिनेमा हॉल में बवाल, फिल्म देखने के दौरान दो गुटों में झड़प

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (13/12/2025): नोएडा के सेक्टर-135 स्थित गुलशन मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फिल्म देखने आए युवकों के दो समूहों के बीच सिनेमा हॉल के भीतर ही मारपीट हो गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसने मॉल और सिनेमा हॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सिनेमा हॉल के भीतर कुछ युवक आपस में उलझ जाते हैं। इस दौरान दो युवकों को सीट से जबरन खींचकर खड़ा किया जाता है और कई लोग उन्हें थप्पड़ व धक्का देते नजर आते हैं। इसके बाद उन्हें हॉल से बाहर ले जाया जाता है। वीडियो में गाली-गलौज साफ सुनाई देती है, वहीं मौजूद कुछ युवतियों की चीख-पुकार से माहौल और भी तनावपूर्ण हो जाता है।

बताया जा रहा है कि यह घटना नोएडा एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुलशन मॉल की है, हालांकि मारपीट कब हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। शुक्रवार शाम लगभग 26 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों गुटों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ। हैरानी की बात यह है कि घटना के बावजूद किसी भी पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं सौंपी है। हालांकि सोशल मीडिया पर एक यूजर ने नोएडा पुलिस को टैग कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जरूर की है।

इस पूरे मामले पर नोएडा पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। सिनेमा हॉल के अंदर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मॉल प्रबंधन से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई है। बताया गया है कि यह वीडियो फिल्म देखने आए एक दर्शक ने पीछे की सीट से रिकॉर्ड किया था और यह करीब दो दिन पुराना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मॉल और सिनेमा हॉल की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।