गोवा हादसे के बाद सतर्क हुई Noida Police, रेस्टोरेंट्स, पब और बार में चेकिंग अभियान शुरू
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (08/12/2025): गोवा के एक नाइट क्लब में हुए हादसे के बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। संभावित खतरों को रोकने और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रेस्टोरेंट, पब और बार पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने बिजली, फायर और आबकारी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर सभी प्रतिष्ठानों की मानक सुरक्षा जांच कराई जा रही है।
टीम को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पब, बार या रेस्टोरेंट में क्षमता से अधिक लोगों के प्रवेश की अनुमति न दी जाए। जिन प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल सुधार का अल्टीमेटम दिया जा रहा है।
नोएडा शहर में कुल 163 लाइसेंसधारी पब और रेस्टोरेंट हैं। फायर विभाग की टीम इनमें फायर फाइटिंग उपकरणों की उपयोगिता, आपातकालीन एंट्री-एग्जिट पॉइंट, फायर अलार्म सिस्टम और इलेक्ट्रिकल वायरिंग की स्थिति का निरीक्षण कर रही है। CFO प्रदीप चौबे ने बताया कि टेंट या अस्थायी संरचनाओं में बार चलाने की अनुमति बिल्कुल नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों को नोटिस भेजा जाएगा और आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि हीलाहवाली या सुरक्षा नियमों से खिलवाड़ करने वाले बार संचालकों के लाइसेंस रद्द किए जा सकते हैं। 25 दिसंबर और 1 जनवरी की भीड़ से पहले सभी प्रतिष्ठानों को सुरक्षा दिशा-निर्देश समझाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बार संचालकों को यह भी हिदायत दी है कि कार्यक्रमों में इलेक्ट्रिक फायर क्रैकर्स या किसी भी प्रकार के जोखिम भरे उपकरणों का उपयोग न किया जाए। इन्हें खतरनाक मानते हुए सख्त प्रतिबंध लगाने की तैयारी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान भविष्य में किसी भी बड़े हादसे को रोकने के लिए चलाया जा रहा है। यह जांच आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि पब और रेस्टोरेंट सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी दुर्घटना की संभावना को पहले ही खत्म किया जा सके। प्रशासन का रुख सख्त है और स्पष्ट संकेत है कि सुरक्षा में लापरवाही अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।