फरीदाबाद में प्रेम संबंधों का काला खेल: पति पर हमले की साजिश रचने वाली पत्नी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Delhi NCR News (08 December 2025): फरीदाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने अवैध संबंधों को छिपाने और प्रेमी को बचाने के लिए अपने ही पति पर जानलेवा हमला करवाया। हैरानी की बात यह है कि हमला करवाने के बाद महिला खुद शिकायतकर्ता बनकर पुलिस के पास पहुंची और पुलिस पर हमलावरों को बचाने का आरोप लगाते हुए महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज करा दी। लेकिन क्राइम ब्रांच की तेज जांच ने इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया।
घटना 24 सितंबर की रात की है। पुलिस के अनुसार ललित नामक युवक ड्यूटी पर जाने के लिए जैसे ही घर से बाहर निकला, नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया और डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस वारदात में ललित के हाथ-पैर टूट गए। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद ललित की पत्नी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पत्नी के अवैध संबंधों का संदेह हुआ। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने शक के आधार पर भारत कॉलोनी निवासी हर्ष भाटी को हिरासत में लिया। पूछताछ में हर्ष ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि हमला ललित की पत्नी के कहने पर ही किया गया था। उसने बताया कि डेढ़ साल पहले उसकी इंस्टाग्राम पर ललित की पत्नी से पहचान हुई थी और जल्द ही दोनों में अवैध संबंध बन गए। पत्नी के इन संबंधों पर पति ने आपत्ति जताई थी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। इससे परेशान होकर महिला ने अपने प्रेमी हर्ष के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
हर्ष ने बताया कि उसने अपने दो दोस्तों अनिल (सेक्टर-87) और गुन्ना अरनव (सेक्टर-30) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इस बयान के बाद पुलिस ने महिला समेत सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां हमले में शामिल तीनों युवकों को उनके परिजनों ने जमानत दिला दी। लेकिन पुलिस के आरोपों और अवैध संबंधों के खुलासे के बाद पत्नी की जमानत कराने अदालत में कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पूरे मामले में सबसे चकित करने वाली बात यह रही कि महिला ने स्वयं शिकायत दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और फिर जांच ढीली होने का आरोप लगाते हुए महिला आयोग तक जा पहुंची। लेकिन पुलिस की गहन जांच ने उसकी चालाकी को बेनकाब कर दिया। गिरफ्तारी के साथ यह मामला अब पूरी तरह खुल चुका है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।