जेवर के नीमका गांव के पोखर में मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस की जांच जारी

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (07/12/2025): ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र स्थित नीमका गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित पोखर में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान नीमका निवासी राधे (40 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, राधे पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। हालांकि उनका मूल निवास नीमका ही था, लेकिन वे लंबे समय से दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर इलाके में रह रहे थे। उनकी पत्नी कई वर्षों से मायके में रहती है और उनकी एकमात्र बेटी की शादी हो चुकी है। परिवार से अलग रहने के कारण राधे अक्सर अकेले ही अपना समय बिताते थे।

ग्रामीणों के अनुसार राधे कुछ दिन पहले ही वापस गांव लौटे थे और तब से उन्हें अक्सर अकेले घूमते हुए देखा जा रहा था। रविवार सुबह जब ग्रामीण पोखर के पास पहुंचे तो पानी में तैरता हुआ शव देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

जेवर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गांव में अचानक मिली इस खबर से माहौल गमगीन है, जबकि पुलिस मामले को सामान्य मौत और संदिग्ध परिस्थितियों—दोनों ही कोणों से जांच रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।