पुलिस आयुक्त के औचक निरीक्षण के दौरान नदारद रहे 10 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (04/12/2025): नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति परखने के लिए देर शाम पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर किए गए दो चरणों के अचानक निरीक्षण में चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई। निर्धारित प्वॉइंट्स पर तैनात कई पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले, जिसके बाद कमिश्नरेट ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं डायल-112 के प्रभारी निरीक्षक को पर्यवेक्षण में गंभीर कमियों के चलते लाइन हाज़िर कर दिया गया है।
हाल के दिनों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को लेकर कमिश्नरेट ने सख्त निगरानी तंत्र लागू किया था। एक्सप्रेसवे, सीमाई क्षेत्र और प्रमुख प्वॉइंट्स पर अतिरिक्त पीआरवी वाहन तैनात किए गए थे ताकि तेज़ प्रतिक्रिया और निरंतर पुलिसिंग सुनिश्चित हो सके। इसके बावजूद निरीक्षण में यह सामने आया कि कई पीआरवी वाहन अपनी तय लोकेशन पर मौजूद ही नहीं थे, जिसके कारण लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया।
पुलिस के अनुसार, पहला औचक निरीक्षण रात 8 बजे किया गया। चार पीआरवी वाहनों में से केवल एक वाहन पर स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मौजूद पाया गया, जबकि तीन वाहन खाली मिले। दूसरा निरीक्षण रात 10 बजे हुआ। इस दौरान भी लापरवाही जारी रही। चार वाहनों में से दो वाहन पर ही पुलिसकर्मी मौजूद मिले, जबकि बाकी दो वाहन अपनी लोकेशन से गायब थे। लगातार दोनों निरीक्षणों में बड़े पैमाने पर गैरहाजिरी मिलने के बाद कमिश्नरेट ने तत्काल कार्रवाई की।
ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए कर्मियों में शामिल हैं: उपनिरीक्षक रतन सिंह, मुख्य आरक्षी छोटेलाल सिंह, अखलीम अली, सुमित कुमार, आरक्षी राजू कुमार, प्रशांत बालियान, रविंद्र कुमार, कृष्णवीर, गौरव चौधरी और होमगार्ड नवींद्र सिंह। इन सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पीआरवी वाहनों की निगरानी और पर्यवेक्षण में गंभीर चूक के लिए डायल-112 के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय को लाइन हाज़िर कर दिया गया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस स्तर की लापरवाही कैसे हुई और इसमें कौन-कौन जिम्मेदार है। पुलिस आयुक्तालय का कहना है कि शहर की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति जनता के विश्वास को मजबूत करती है, और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।