National News (24 November 2025): हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र देओल का सोमवार दोपहर 1:00 के लगभग 89 साल की उम्र में निधन हो गया। अभिनेता के निधन से पूरे देश में शोक का माहौल है। इसी कड़ी में फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेताओं के साथ-साथ देश के सिर्फ नेतृत्व ने भी अभिनेता धर्मेंद्र देओल को श्रद्धांजलि अर्पित की है। धर्मेंद्र देओल के द्वारा देश में दिए गए योगदान को याद करते हुए शीर्ष नेताओं ने उनके आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शोक संदेश
दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र जी का जाना भारतीय सिनेमा के लिए बहुत बड़ी क्षति है। दशकों लंबे करियर में उन्होंने अनगिनत यादगार भूमिकाएं निभाईं और देश के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में शामिल रहे। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारतीय सिनेमा में धर्मेंद्र का योगदान नई पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए परिवार, मित्रों और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत बताया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र जी एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, जिनकी हर भूमिका में आकर्षण, गहराई और असाधारण प्रतिभा दिखती थी। पीएम मोदी ने उनके विविध किरदारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने करोड़ों लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री ने उनकी सरलता, विनम्रता और गर्मजोशी को याद किया और शोक की इस घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का शोक संदेश
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने धर्मेंद्र को सिर्फ एक महान अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक सरल और सहज इंसान बताया। उन्होंने कहा कि उनका धर्मेंद्र से व्यक्तिगत संबंध था और वह देश व किसानों के हितों को लेकर हमेशा प्रतिबद्ध रहते थे। गडकरी ने कहा कि धर्मेंद्र का फिल्मी योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा और उनके निधन से इंडस्ट्री को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया
गृह मंत्री अमित शाह ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि छह दशकों तक धर्मेंद्र ने अपनी अदाकारी से हर आयु वर्ग के लोगों का दिल जीता। शाह ने उनकी सामान्य पृष्ठभूमि से उठकर फिल्म जगत में अमिट पहचान बनाने की क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र उन चुनिंदा कलाकारों में रहे, जिनके द्वारा निभाया गया हर किरदार जीवंत बन जाता था। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का शोक संदेश
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने धर्मेंद्र के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि उनके शानदार करियर और दमदार अभिनय ने भारतीय सिनेमा को समृद्ध बनाया। उन्होंने याद किया कि धर्मेंद्र 14वीं लोकसभा में राजस्थान के बीकानेर से सांसद भी रहे थे और उन्होंने राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में भी अपनी छाप छोड़ी। ओम बिड़ला ने कहा कि धर्मेंद्र की जीवटता और उनके यादगार संवादों ने करोड़ों लोगों को प्रभावित किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को सांत्वना प्रदान करने की प्रार्थना की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की श्रद्धांजलि
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा की अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र केवल एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि भारतीय समाज की भावनाओं, संघर्षों और संवेदनाओं को परदे पर जीवंत करने वाले कलाकार थे। रेखा गुप्ता ने उनकी सादगी, लोकप्रियता और पीढ़ियों से चले आ रहे प्रशंसा-पात्र व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका जाना एक अमर पहचान का खो जाना है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार व प्रशंसकों को इस दुख को सहने की शक्ति मिल सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।