ग्रेटर नोएडा में महिला व बाल सुरक्षा कार्यक्रमों में शामिल हुईं राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (20/11/2025): उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़े कई कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की। दिन की शुरुआत उन्होंने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बादलपुर में आयोजित ‘शक्ति संवाद’ से की, जहां बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. भराला ने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मिशन शक्ति और वन स्टॉप सेंटर जैसी सेवाओं के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित परिवेश और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। “जागरूकता ही वास्तविक सशक्तिकरण का आधार है,” उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा।
‘शक्ति संवाद’ के पश्चात डॉ. भराला बिसरख ब्लॉक सभागार पहुँचीं, जहां उन्होंने महिला जनसुनवाई का संचालन किया। इस दौरान विभिन्न मामलों को सुनते हुए उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उसी मौके पर उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म अदा की और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। उन्होंने माताओं और बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित बचपन किसी भी समाज की प्रगति की नींव होते हैं। कार्यक्रम में उपायुक्त पुलिस (महिला सुरक्षा) वैशाली गंगवार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, सीडीपीओ इफ्तिखार अहमद खान, जिला दिव्यांगजन अधिकारी आशीष कुमार, वन स्टॉप सेंटर नोएडा की प्रबंधक रिंकी रानी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने, सरकारी योजनाओं से जोड़ने और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।