New Delhi News (17 नवंबर 2025): दिल्ली विधान सभा सचिवालय में सोमवार (17 नवंबर) को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित विशेष कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक बना। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि “बिरसा मुंडा साहस, सेवा और समावेशन की प्रतीक प्रेरणा हैं, जिनकी विरासत भारत को निरंतर मार्गदर्शन देती है।” उन्होंने सभी नागरिकों से समावेशी और सतत भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित 8 जिलों—बस्तर, कांकेर, नारायणपुर, पश्चिमी सिंहभूम, बालाघाट, कंधमाल, कालाहांडी और गढ़चिरौली से आए 200 युवाओं तथा सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी के 20 अधिकारियों ने सहभागिता की। दिल्ली विधानसभा परिसर का भ्रमण कर इन प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय राजधानी की शासन प्रणाली, संस्कृति और आधुनिक संरचना को नज़दीक से समझा। कई युवाओं ने मंच से अपने अनुभव साझा किए और इसे जीवन बदलने वाला अवसर बताया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिरसा मुंडा का आंदोलन केवल विद्रोह नहीं, बल्कि सामाजिक सुधार और भूमि अधिकारों की रक्षा का अनुशासित जन-आंदोलन था, जिसके परिणामस्वरूप छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम जैसे ऐतिहासिक परिवर्तन संभव हुए। उन्होंने युवाओं को “जल, जंगल, जमीन” की भावना से प्रेरित होकर समानता और पर्यावरण संरक्षण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 (NEP) की वास्तविक सार्थकता तब है जब विद्यार्थी यात्रा करते हैं, सीखते हैं और अपनी जड़ों से जुड़ते हैं। उन्होंने इस तरह के कार्यक्रमों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मूर्त रूप देने वाला बताया।
उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि यह दौरा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है और यह अनुभव उनके भीतर नई ऊर्जा और नए सपने जगाएगा।
कार्यक्रम में हिंदी अकादमी के कलाकारों द्वारा झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश की पारंपरिक नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल में सांस्कृतिक जोश भर दिया, जिसे प्रतिभागियों ने खूब सराहा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।