Viksit Bharat: 2012 में गजानन माली ने रखा था ‘विकसित राष्ट्र’ का सूत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (10 नवम्बर 2025): जब भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त 2023 को लाल किले की प्राचीर से विकसित भारत @2047 का संकल्प लिया, तब सम्पूर्ण राष्ट्र एकजुट होकर उस संकल्प के साथ खड़ा दिखाई दिया। क्या जवान, क्या किसान, क्या उद्यमी और क्या छात्र, सभी वर्गों ने एक सूत्र में बंधकर ‘विकसित भारत’ के इस महान स्वप्न को साकार करने हेतु अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देने का प्रण किया।

परन्तु यह विचार केवल वर्तमान का नहीं, अपितु वर्षों से भारतीय जनमानस में अंकुरित होता रहा है। इसी भावधारा को मूर्त रूप देते हुए टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक तथा भारत सरकार के पूर्व अनुसंधान अधिकारी गजानन माली ने वर्ष 2012 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर गुलमोहर अपार्टमेंट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में “विकसित भारत” की संकल्पना को प्रतिपादित किया था। उस समय उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में राष्ट्र के सर्वांगीण विकास हेतु नागरिकों के सामूहिक उत्तरदायित्व का उल्लेख किया था।

गजानन माली ने कहा था, “63वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूँ। हमारा राष्ट्र एक प्राचीन एवं गौरवशाली सभ्यता का धनी है। आज हमें ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेना है, जिसकी अर्थव्यवस्था सुदृढ़, समाज समरस और शासन पारदर्शी हो। केवल सरकारें ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्य क्षेत्र चाहे वह कृषि हो, उद्योग हो, कार्यालय या व्यवसाय में उत्पादकता एवं नवाचार का प्रयास करे। तभी भारत एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर प्रतिष्ठित हो सकेगा।”

 

उन्होंने आगे कहा था कि “भारत को विकसित देश बनाने की जिम्मेदारी केवल केंद्र या राज्य सरकारों की नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय की है। जब हमारी संस्थाएँ, हमारी सरकारें, न्यायपालिका और मीडिया एक समान राष्ट्रीय उद्देश्य के लिए कार्य करेंगे, तब ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर होगा।”

संविधान की प्रशंसा करते हुए माली ने कहा कि भारत का संविधान एक सजीव एवं गतिशील दस्तावेज़ है, जिसने समय के साथ स्वयं को सुसंगत बनाए रखा है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के समापन भाषण का स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र के सामाजिक और आर्थिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए संवैधानिक मार्ग पर अडिग रहना ही सर्वोत्तम पथ है।

अपने संबोधन के अंत में माली ने कवि की प्रेरणादायक पंक्ति उद्धृत करते हुए कहा “इतने ऊँचे उठो कि जितना उठा गगन।” और आह्वान किया कि “आइए, हम सब मिलकर भारत को ऊँचे शिखर पर ले जाने का संकल्प लें।”

इसी भाव से ओतप्रोत और विकसित भारत के संकल्प का उद्घोष करते हुए गजानन माली ने “विकसित भारतम्” गीत की रचना की है, जो विभिन्न स्कूलों में छात्र- छात्राओं तक गीत- गायन के माध्यम से पहुँचाकर हर छात्र – छात्रा को विकसित भारत का प्रतिनिधि बनने की प्रेरणा दे रहा है ।

विकसित भारतम्

आओ साथियो , तुम्हें दिखाएँ,
झाँकी विकसित , भारत की।
जिसे देखकर , पुलकित मन हो अपने गर्वित भारत की॥

पुलकित भारतम्, पुलकित भारतम्॥
विकसित भारतम्, विकसित भारतम्॥

बात सुरक्षा , की अब कोई,
बुरी नज़र , न डालेगा।
दूध छठी का , याद दिलाएँ
बैर अगर जो , पालेगा॥

सुरक्षित भारतम्, सुरक्षित भारतम्॥
विकसित भारतम, विकसित भारतम ।।

कौन हैं गजानन माली

गजानन माली टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक हैं। वे भारत सरकार में पूर्व अनुसंधान अधिकारी रहे हैं। इसके अलावा वे योजना आयोग, लोक सभा एवं राज्य सभा सचिवालय, केंद्रीय मंत्री कार्यालय तथा विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों में अपनी सेवाएं दी है। गजानन माली ने लोक सेवा, सूचना तंत्रज्ञान , शहरी नियोजन एवं विकास , नीतिनिर्माण के क्षेत्र में दीर्घ अनुभव प्राप्त किया है। उनके दूरदर्शी विचार आज भी विकसित भारत की दिशा में प्रेरणा प्रदान करते हैं।

निष्कर्षतः, जिस “विकसित भारत” का आह्वान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया, उसका बीजारोपण गजानन माली जैसे राष्ट्रसेवियों ने वर्षों पूर्व अपने चिंतन और कर्म से किया था। यह वही सतत प्रवाह है जो अब 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प में परिणत हो चुका है, एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।