नोएडा में सफाई और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त: कई एजेंसियों पर जुर्माना!

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (07 जनवरी 2025): नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर में सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और गंदगी, अतिक्रमण, और लापरवाही को लेकर सख्त कदम उठाए। निरीक्षण के दौरान नौएडा-ग्रेटर नौएडा एक्सप्रेसवे, सैक्टर-16ए, डीएससी रोड, सैक्टर-63 और अन्य स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था मिली। संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों पर जुर्माना लगाते हुए उन्हें सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नौएडा-ग्रेटर नौएडा एक्सप्रेसवे पर अवैध विज्ञापन होर्डिंग्स पाए गए, जिन्हें तुरंत हटाने के आदेश दिए गए। सैक्टर-16ए के ग्रीन बेल्ट और लॉजिक्स मॉल के बाहर गंदगी के ढेर मिलने पर संबंधित मैकेनिकल स्वीपिंग एजेंसी पर ₹1 लाख का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, सैक्टर-62 मेट्रो स्टेशन और अन्य स्थानों पर सफाई में लापरवाही के चलते दूसरी सफाई एजेंसी मैसर्स नॉर्थ इंडिया डवलपर्स प्रा. लि. पर भी ₹1 लाख का जुर्माना लगाया गया।

सैक्टर-63 में अव्यवस्था सबसे अधिक देखने को मिली। सेंट्रल वर्ज में इलेक्ट्रिक पोल पर अवैध इंटरनेट तारें लटकी मिलीं, जबकि कूड़ा, ईंट और नालियों में गंदगी के चलते सफाई एजेंसी मैसर्स एमबीसी इंफ्राटेक प्रा. लि. को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई। खाली भूखंडों में अवैध झुग्गियां और नालियों पर बने रैंप के कारण जलभराव की समस्या भी उजागर हुई। अधिकारियों ने इन सभी अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, सैक्टर-63 में सड़क किनारे कच्ची पटरी और अवैध रेहड़ी-पटरी मिलने पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया गया। गंदगी के कारण सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने और अवैध रेहड़ी-पटरी हटाने को कहा गया। वहीं, पजल पार्किंग बनाने और यू-टर्न सहित अन्य स्थानों का सौंदर्यीकरण करने का आदेश भी दिया गया।

शहर के मुख्य मार्गों, जैसे डीएससी रोड और सदरपुर सोम बाजार में कूड़े के ढेर मिलने पर डोर-टू-डोर एजेंसी मैसर्स एजी इन्वायरों इंफ्रा प्रोजेक्ट प्रा. लि. पर ₹2 लाख का जुर्माना लगाया गया। वहीं, अपनी जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने पर वरिष्ठ प्रबंधक गौरव बंसल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके वेतन को रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया गया।

प्राधिकरण ने सभी सफाई एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन कड़े कदमों से शहर की सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण से मुक्त बनाने में मदद की उम्मीद है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।