हमारे गाँव की बेटी शैफाली वर्मा ने विश्व कप जीतकर बढ़ाया देश का मान: सांसद डॉ. महेश शर्मा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
NOIDA News (05 नवंबर 2025): भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत से पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस गौरवशाली विजय में अहम भूमिका निभाने वाली खिलाड़ी शैफाली वर्मा को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह पल पूरे देश के लिए गर्व का है, और उन्हें विशेष रूप से गर्व है कि विजेता टीम की महत्वपूर्ण सदस्य शैफाली वर्मा उनके ही गाँव जालावास, मनेठी (राजस्थान) की बेटी हैं।
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि शैफाली वर्मा की इस उपलब्धि ने न केवल उनके गाँव और जिले का, बल्कि पूरे देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। उन्होंने बताया कि विश्व कप मुकाबले से पहले शैफाली अपने गाँव आकर बाबा मैंडा मंदिर और बहरोड़ स्थित मनसा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेकर गई थीं। आज उनकी यह शानदार सफलता यह सिद्ध करती है कि आस्था, परिश्रम और संकल्प जब एक साथ मिलते हैं, तो विजय निश्चित होती है।
सांसद ने कहा कि देश की यह प्रतिभाशाली बेटी नारी शक्ति और खेल भावना का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा, “हम सबको शैफाली पर गर्व है। मेरी शुभकामनाएँ हैं कि वह इसी तरह भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करती रहें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प ‘खेलेगा भारत तो खिलेगा भारत’ को साकार करने में अपनी अहम भूमिका निभाती रहें।”
डॉ. शर्मा ने विश्व चैंपियन शैफाली वर्मा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह जीत आने वाली पीढ़ियों की बेटियों को भी अपने सपनों की उड़ान भरने की प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि शैफाली जैसी बेटियाँ देश की असली शक्ति हैं, जो अपने खेल और समर्पण से भारत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा रही हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।