गौतमबुद्ध नगर में मतदाता सूची का विशेष सत्यापन अभियान शुरू, हर घर पहुंचेगा BLO
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (04/11/2025): गौतमबुद्ध नगर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों — नोएडा, दादरी और जेवर — में सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अब घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन कर रहे हैं।
18.65 लाख मतदाताओं का होगा सत्यापन
जिले में करीब 18.65 लाख पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से हर एक को एक ‘गणना प्रपत्र’ (Enumeration Form) दिया जाएगा। मतदाताओं को इस प्रपत्र में अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर बीएलओ को वापस देनी होगी।
अगर बीएलओ को किसी मतदाता से घर पर मुलाकात नहीं होती है, तो वह कम से कम तीन बार संबंधित पते पर जाकर संपर्क करने की कोशिश करेगा। बावजूद इसके अगर मतदाता नहीं मिलता, तो उसका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है।
प्रशिक्षण पूरा, अब मैदान में बीएलओ
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 28 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया और आवश्यक गणना प्रपत्रों का प्रकाशन कराया गया। प्रशासन ने करीब 40 लाख फॉर्म प्रिंट करवाए हैं ताकि हर मतदाता तक यह पहुंच सके। अधिकारियों के मुताबिक, प्रत्येक बीएलओ को प्रतिदिन कम से कम 50 मतदाताओं का सत्यापन करना होगा और इसकी पूरी जानकारी मोबाइल एप्लिकेशन पर अपलोड करनी होगी।
2003 की मतदाता सूची का भी होगा संदर्भ
इस बार गणना प्रपत्र में एक नई व्यवस्था जोड़ी गई है। इसमें मतदाता से यह जानकारी भी मांगी जाएगी कि क्या उसका या उसके पिता/परिजन का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज था। हालांकि यह जानकारी प्रारंभिक चरण में अनिवार्य नहीं है। अधिकारी बताते हैं कि अगर सत्यापन के दौरान किसी मतदाता की स्थिति संदिग्ध पाई जाती है, तो आवश्यक दस्तावेजों की मांग के लिए नोटिस जारी किया जा सकता है।
4 दिसंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया
बीएलओ को 4 दिसंबर तक मतदाताओं को फॉर्म वितरित करने, भरवाने और वापस लेने का लक्ष्य दिया गया है। इस अवधि में प्रत्येक मतदाता को अपनी जानकारी अद्यतन कर यह सुनिश्चित करना होगा कि उसका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो।जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ के संपर्क में सहयोग करें, फॉर्म को सही-सही भरें और आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं। यह सत्यापन अभियान आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।