जेवर हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर में युवक का पैर कटा, हालत नाज़ुक

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (02/11/2025): ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। कासगंज निवासी एक 19 वर्षीय युवक का पैर उस समय कट गया जब उसकी बाइक तेज रफ्तार ट्रैक्टर के रोटावेटर से जा टकराई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि संक्रमण बढ़ने पर डॉक्टरों को उसका एक पैर काटना पड़ा। फिलहाल घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घायल युवक आदित्य, निवासी कासगंज, किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर नोएडा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नीमका गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर के रोटावेटर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।

टक्कर लगते ही आदित्य सड़क पर गिर पड़ा और उसका पैर रोटावेटर के नीचे आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि चोट गहरी थी और पैर में संक्रमण तेजी से फैल रहा था, जिसके चलते उसे काटना पड़ा।

परिजनों ने इस घटना को चालक की घोर लापरवाही का परिणाम बताया है। आदित्य के मामा अजय कुमार ने कहा कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा चुकी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि, नीमका गांव के पास सड़क पर अक्सर ट्रैक्टर और भारी वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।