कांग्रेस की “प्यारी दीदी योजना”: महिलाओं को हर महीने ₹2500 देने का वादा, पढ़िए पूरी रिपोर्ट
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (06 जनवरी, 2025): दिल्ली में कांग्रेस ने महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक सहायता के लिए बड़ी घोषणा की है। “प्यारी दीदी योजना” के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500 दिए जाएंगे। कांग्रेस ने वादा किया है कि अगर वह दिल्ली में सरकार बनाती है, तो यह योजना पहली कैबिनेट बैठक में लागू की जाएगी।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दिल्ली में इस योजना का शुभारंभ करते हुए कहा, “प्यारी दीदी योजना कर्नाटक की ‘गृह लक्ष्मी योजना’ के मॉडल पर आधारित है। कर्नाटक में हमने हर महीने 1.22 करोड़ महिलाओं को ₹2000 देने का वादा पूरा किया। अब यही मॉडल दिल्ली में लागू करेंगे। महिलाओं को ₹2500 प्रति माह दिए जाएंगे ताकि वे महंगाई की मार से राहत पा सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।”
उन्होंने दिल्ली की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने जनता की उम्मीदों को पूरा करने में विफलता दिखाई है। इस योजना के जरिए कांग्रेस दिल्ली की महिलाओं को सशक्त बनाने का वादा करती है।
कर्नाटक में इस योजना से महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। कर्नाटक के अनुभवों को साझा करते हुए डी.के. शिवकुमार ने बताया कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता देने और उनके जीवन स्तर को सुधारने में प्रभावी साबित हुई है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भी इस मौके पर दिल्ली के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बात कही, जो पहले से कर्नाटक में लागू है। कांग्रेस का दावा है कि दिल्ली में सरकार बनने पर महिलाओं को महंगाई से राहत देने और बेहतर जीवन का अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
प्यारी दीदी योजना के साथ, कांग्रेस ने दिल्ली में एक नई उम्मीद जगा दी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।