रबूपुरा जन्मदिन पार्टी हत्याकांड: घायल दलित युवक अनिकेत की मौत से भड़का गुस्सा

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (24/10/2025): रबूपुरा कस्बे में आठ दिन पहले जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए हमले में घायल दलित युवक अनिकेत की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश की लहर दौड़ा दी है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात अनिकेत अपने चाचा सुमित के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस के लगभग 12 लोगों ने उस पर और उसके परिवार पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया था। इस हमले में अनिकेत समेत उसके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान अनिकेत की मौत हो गई।

अनिकेत की मौत की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रबूपुरा कोतवाली से कुछ ही दूरी पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि फरार सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

परिवार की शिकायत पर पुलिस ने युवराज, जीतू, रचित, भरत, अंकित, पवन और सुनील सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने रबूपुरा पहुंचकर मृतक अनिकेत के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं पीड़ित परिवार से फोन पर बात की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, अनिकेत की मौत बेहद दुखद है। इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई ढिलाई न बरती जाए।

रबूपुरा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सभी फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि, दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा और मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। दलित युवक की मौत के बाद रबूपुरा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।