ग्रेटर नोएडा बीटा-1 में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन, श्रद्धा और उत्साह से झूम उठा माहौल
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (23/10/2025): दीपावली के अगले दिन पूरे ब्रज क्षेत्र में मनाए जाने वाले गोवर्धन पूजा पर्व की झलक आज ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में देखने को मिली। एक्टिव सिटीजन टीम के सदस्य हरेन्द्र भाटी के निवास स्थान पर इस पारंपरिक पर्व को बड़े ही धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का आरंभ वेद मंत्रों और कृष्ण भक्ति के गीतों के साथ हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक रीति से गोबर और मिट्टी से भगवान श्रीकृष्ण का चित्रण कर सुंदर गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया। गोधूलि बेला में दूध, घी, बतासे, खिलौने, खील और अन्न अर्पित कर पूजा संपन्न की गई। इसके बाद सभी उपस्थित जनों ने अन्नकूट प्रसाद का आनंद लिया, जिसमें खिचड़ी, पूरी, कचौड़ी और खीर विशेष रूप से तैयार की गई थी।
हरेन्द्र भाटी ने इस अवसर पर कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, गौ-संवर्धन और अन्न के प्रति आभार का पर्व है। इस दिन हम भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की उस दिव्य घटना को याद करते हैं, जिसने मानवता को यह संदेश दिया कि सामूहिक शक्ति और आस्था से किसी भी संकट का सामना किया जा सकता है।
इस मौके पर क्षेत्र के कई सम्मानित लोग भी उपस्थित रहे, जिनमें सरदार मनजीत सिंह, मुकेश शर्मा, सुभाष (चदेल चाचा हिन्दुस्तानी), टी. पी. सिंह, वेद प्रकाश (बेदू), योगेन्द्र भाटी, विजय सिंह, हर्ष भाटी, महेंद्र सिंह, मनोज कुमार, योगेश कौशिक, सुनील भाटी, हरकेश, आशुतोष, सोनू यादव, राजेश मागेराम, सुरेंद्र प्रसाद आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों ने कहा कि आधुनिक जीवन की व्यस्तता के बीच ऐसे पारंपरिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों और लोक परंपराओं के संरक्षण का कार्य करते हैं। बीटा-1 सेक्टर में हुए इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि ब्रज की पवित्र परंपराएं आज भी ग्रेटर नोएडा की सामाजिक चेतना में जीवंत हैं।
अंत में, सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्ति, आनंद और उल्लास से भर गया। यह आयोजन न केवल श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि इसने समाज में एकता, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।