दिल्ली में छठ पूजा की भव्य तैयारी: यमुना किनारे बनेंगे 17 मॉडल घाट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 October 2025): आगामी छठ पूजा की तैयारी और को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारियां साझा की। दिल्ली में आयोजित पर प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तैयारी के विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला। गुप्ता ने घोषणा की है कि इस वर्ष राजधानी में छठ पूजा अभूतपूर्व पैमाने पर मनाई जाएगी। वर्षों बाद पहली बार सरकार ने यमुना नदी पर छठ पूजा से जुड़ा प्रतिबंध हटा दिया है। पहले की सरकारें इस आयोजन से दूरी बनाए रखती थीं, लेकिन अब दिल्ली सरकार न केवल इसकी अनुमति दे रही है बल्कि स्वयं इसके आयोजन की जिम्मेदारी भी उठा रही है। हमारी सरकार ने तय किया है कि श्रद्धालुओं को पूजा के हर स्थल पर बेहतर सुविधाएं मिलें।”

यमुना नदी पर 17 मॉडल छठ घाटों का निर्माण जारी

मुख्यमंत्री गुप्ता ने बताया कि सरकार यमुना नदी के किनारे 17 बिंदुओं पर मॉडल छठ घाट बना रही है। इन घाटों पर विशेष सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए सभी इंतज़ाम किए जा रहे हैं। हर जिले और उप-जिले में कम से कम एक मॉडल छठ घाट का निर्माण होगा, ताकि किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो। इसके अलावा सभी घाटों पर प्रशासन और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे ताकि भीड़ के बीच अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस बार बढ़ी संख्या: 1000 से अधिक स्थलों पर होगा आयोजन

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार दिल्ली में छठ पूजा स्थलों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष जहां केवल 929 स्थानों पर छठ मनाई गई थी, वहीं इस बार अब तक 1000 से अधिक समितियों ने आवेदन दिया है। उन्होंने कहा, “सरकार इन सभी स्थलों पर टेंट, बिजली, शौचालय, पानी और स्वच्छता की व्यवस्था करेगी। जितनी भी समितियां अंतिम तिथि तक आवेदन देंगी, सभी को समान सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।”

सांस्कृतिक माहौल में होगा स्वागत, भोजपुरी-मैथिली कार्यक्रम भी होंगे

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस बार छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सांस्कृतिक एकता का प्रतीक होगा। दिल्ली भर में छठ व्रतियों के स्वागत के लिए भव्य तोरण द्वार बनाए जाएंगे, फूलों की वर्षा से उनका अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “पूरे दिल्ली में भोजपुरी और मैथिली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि वातावरण पूरी तरह धार्मिक और पारंपरिक हो।” मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि “इस बार दिल्ली की छठ पूजा राजधानी की पहचान बनेगी।।”

श्रद्धालुओं के खिलाफ पुराने केस होंगे वापस

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि 2021 में जब पिछली सरकार ने यमुना पर छठ पूजा पर रोक लगाई थी और श्रद्धालुओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे, उन्हें अब वापस लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि भावनात्मक निर्णय है। श्रद्धालुओं को अपराधी बनाना गलत था। हमारी सरकार जल्द ही उन सभी मामलों को खत्म करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।