दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला इमारत ढही, AE और JE सस्पेंड

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (05 November 2026): दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां पैवलान क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। यह घटना सुबह करीब 10:15 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने शीश महल की गली सत्तारा में हुई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव अभियान चलाया गया। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की छह इमरजेंसी यूनिट मौके पर पहुंचीं, जिनमें तीन वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम शामिल रही।

प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम के मुताबिक, इमारत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने बताया कि बगल में पिछले तीन से चार महीनों से निर्माण कार्य चल रहा था और इमारत में तीन से चार लिंटल डाले जा चुके थे। अचानक पूरा ढांचा एक साथ ढह गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे से एक शव को बाहर निकाला। वहीं, स्थानीय निगम पार्षद राफिया माहिर ने दो लोगों की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पांच से छह लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना मिली थी। इलाके की गलियां संकरी होने के कारण बचाव अभियान में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हादसे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने बताया कि एमसीडी, डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित इलाके के असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

मौके पर पहुंचे दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने भी अधिकारियों के निलंबन और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-2 की पाबंदियां लागू हैं और निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन कर चोरी-छिपे निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं प्रतिबंध के बावजूद निर्माण कार्य होता दिखाई दे तो उसकी शिकायत संबंधित विभाग से करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के मामलों में केवल निर्माण कराने वालों पर ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार और एमसीडी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बार-बार इमारतों का सेफ्टी ऑडिट कराने के आदेश दिए जाने के बावजूद इमारतें ढहने की घटनाएं जारी हैं। भारद्वाज ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया कि विभिन्न विभागों में रिश्वतखोरी के कारण अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नियमों को अलग-अलग इलाकों में अलग तरीके से लागू किया जा रहा है। वहीं, चावड़ी बाजार हादसे के बाद निर्माण कार्यों की निगरानी, भवनों की सुरक्षा और संबंधित विभागों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।