ग्रेटर नोएडा को सुंदर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, 100 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (5 जनवरी 2024): ग्रेटर नोएडा शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरियाली से भरपूर बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 100 करोड़ रुपये की विशाल परियोजना की घोषणा की है। इस परियोजना के तहत पार्कों, ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज का कायाकल्प किया जाएगा। योजना का पहला चरण प्रारंभ हो चुका है, जिसमें 24 से अधिक सेक्टरों और प्रमुख सड़कों के किनारे हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए 30 करोड़ रुपये की लागत से निविदा जारी की गई है।

पार्कों और ग्रीन बेल्ट का होगा पुनर्विकास

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पार्कों और ग्रीन बेल्ट में पौधरोपण, रखरखाव और सिविल मरम्मत कार्य किए जाएंगे। नियमित देखभाल की कमी के कारण कई इलाकों में फुटपाथ टूट चुके हैं, बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त हो गई हैं और हरियाली लगभग समाप्त हो चुकी है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए प्राधिकरण ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।

इन क्षेत्रों की बदलेगी सूरत

परियोजना के प्रथम चरण में ओमीक्रॉन-2, डेल्टा-2, म्यू-2, नॉलेज पार्क-2, म्यू-1, गामा-1, गामा-2, चाई-5, पाई-1 और पाई-2 जैसे क्षेत्रों में विकास कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सामने, प्रस्तावित नाइट सफारी की ग्रीन बेल्ट और सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज के बीच हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।
इसके साथ ही ज्यू-1 और 2, ओमीक्रॉन-1, ओमीक्रॉन-1ए, सिग्मा-1, 2, 3, 4, ईकोटेक-10, नॉलेज पार्क-3, चाई-4, ईकोटेक-11, पी-3 और सेक्टर-3 जैसे क्षेत्रों में भी कायाकल्प के कार्य किए जाएंगे।

हरियाली को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ की योजना

श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत न केवल हरित क्षेत्र का विकास किया जाएगा, बल्कि पार्कों और ग्रीन बेल्ट को आधुनिक और आकर्षक बनाया जाएगा। पौधरोपण से लेकर सिविल कार्यों तक की जिम्मेदारी एक ही एजेंसी को सौंपी गई है। चयनित एजेंसी अगले दो वर्षों तक इन सभी कार्यों का रखरखाव और संचालन सुनिश्चित करेगी।

परियोजना का उद्देश्य

यह योजना न केवल शहर की हरियाली और स्वच्छता को बढ़ावा देगी, बल्कि ग्रेटर नोएडा को पर्यावरण के अनुकूल और नागरिकों के लिए अधिक आकर्षक बनाएगी। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस पहल से शहर के सौंदर्य में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और लोगों के जीवनस्तर में सुधार होगा।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।