ग्रेटर नोएडा में बीकेयू का जोरदार प्रदर्शन, किसानों ने कलेक्ट्रेट तक किया ट्रैक्टर मार्च

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (18/10/2025): भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के कार्यकर्ताओं ने कल ग्रेटर नोएडा में अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों और वाहनों के काफिले के साथ परी चौक पर एकत्र हुए और वहां से जिला कलेक्ट्रेट तक ट्रैक्टर मार्च निकाला। पूरे मार्ग में किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया।

यह विरोध प्रदर्शन बीकेयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में इस मार्च का नेतृत्व बीकेयू के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने किया। जिला कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद किसानों ने एक पंचायत का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, संगठन के पदाधिकारी और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

पवन खटाना ने कहा कि, किसानों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से प्रशासनिक फाइलों में अटकी पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव तीन से चार महीने पहले प्रशासन को सौंपा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा, किसानों को आबादी निस्तारण और आवासीय प्लॉट आवंटन से जुड़ी समस्याएं भी जस की तस बनी हुई हैं।

उन्होंने जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। खटाना ने कहा कि इस परियोजना के चलते कई गांवों के किसानों को विस्थापित किया गया है, लेकिन उन्हें आज तक उचित मुआवजा और पुनर्वास के लाभ नहीं मिले हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

किसानों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी प्रमुख मांगों में सर्किल रेट बढ़ाने, आबादी निस्तारण में पारदर्शिता, विस्थापित किसानों को उचित मुआवजा, और लंबित भुगतानों की त्वरित निपटान जैसी बातें शामिल कीं। मार्च और पंचायत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। बीकेयू नेताओं ने कहा कि किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।