वर्ल्ड मलयाली काउंसिल उत्तर प्रदेश प्रांत ने मनाया भव्य ओणम उत्सव — संस्कृति, संगीत और परंपरा का अद्भुत संगम
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (12/10/2025): वर्ल्ड मलयाली काउंसिल (WMC), उत्तर प्रदेश प्रांत के तत्वावधान में रविवार को नोएडा सेक्टर-6 स्थित NEA ऑडिटोरियम में ओणम का भव्य उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में केरल की समृद्ध परंपराओं, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का उद्घाटन नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ओणम केवल केरल का नहीं, बल्कि पूरे भारत की एकता, समरसता और सांस्कृतिक सौहार्द का पर्व है, जो विविधता में एकता का संदेश देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता WMC उत्तर प्रदेश प्रांत के अध्यक्ष मुरलीधरन पिल्लै ने की। समारोह में विशेष अतिथि के रूप में पूर्व नीदरलैंड राजदूत वेणु राजमणि (IFS), नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. एम. लोकेश (IAS), उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती विमला बाथम, डॉ. के. पी. फैबियन (पूर्व राजदूत), राजेश्वरी त्यागराजन, डॉमिनिक जोसेफ, शिजु जोसेफ, आचार्य आर. वी. त्यागराजन, और कैलाश ग्रुप हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. पल्लवी शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथियों ने उपस्थिति दर्ज की और ओणम की शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिए। WMC ईस्ट दिल्ली प्रांत द्वारा प्रस्तुत “वंचिप्पाट्टु” (नाविक गीत) ने दर्शकों को केरल की पारंपरिक नौका दौड़ की याद दिलाई, जबकि थ्यागराजा सेंटर फॉर म्यूज़िक एंड डांस के कलाकारों ने “वामनावतारम्” जैसे नृत्य-नाट्य के माध्यम से ओणम की पौराणिक कथा को जीवंत कर दिया।

इसके अलावा थिरुवातिराकली, मोहिनीयाट्टम और भरतनाट्यम जैसी शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक “ओणसद्या” (केरल के पारंपरिक भोज) के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न व्यंजनों ने उपस्थित जनों को केरल के स्वाद और संस्कृति का अद्भुत अनुभव कराया। पूरे समारोह का वातावरण सांस्कृतिक उत्साह, सौहार्द और भारतीयता की भावना से सराबोर रहा। अतिथियों और प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक एकता और विविधता की भावना को सशक्त करते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।