नोएडा में मिलावटी पनीर पर बड़ी कार्रवाई: 550 किलो पनीर जब्त कर नष्ट, दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (12/10/2025): दिवाली से पहले लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार-शनिवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 550 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट कर दिया। यह पनीर हरियाणा से दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 11-12 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि को की गई। गौतमबुद्ध नगर जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए संदिग्ध खाद्य सामग्री की जांच की। इसी दौरान टीम ने एक वाहन को रोका, जो हरियाणा के मेवात स्थित जंगी मिल्क प्लांट से पनीर लेकर नोएडा की ओर आ रहा था।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त द्वितीय सर्वेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। टीम ने मौके पर नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि मिलावट की पुष्टि की जा सके। प्रथम दृष्टया यह पनीर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत हुआ, जिसके चलते 550 किलोग्राम पनीर को जब्त कर नोएडा के भंगेल स्थित न्यू गढ़वाल डेयरी में सुरक्षित विनष्टीकरण के लिए रखा गया।

अगली सुबह, 12 अक्टूबर को नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से यह संपूर्ण पनीर नष्ट कर दिया गया। आयुक्त सर्वेश कुमार ने कहा कि त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए विभाग पूरे जिले में विशेष निगरानी अभियान चला रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी स्थान पर संदिग्ध खाद्य सामग्री पाए जाने पर तत्काल जब्ती और विनष्टीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। वहीं, विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान मिठाई, दूध या डेयरी उत्पाद खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत विभाग को दें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।