नई दिल्ली (04 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा कभी भी हो सकती है, और इससे पहले राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार शाम कांग्रेस को बड़ा झटका लगा जब मुस्तफाबाद क्षेत्र की कांग्रेस पार्षद शमीला बेगम और कई अन्य नेताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ग्रहण कर ली। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आप में शामिल हुए नेताओं का पटका और टोपी पहनाकर स्वागत किया।
केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर किया पार्टी परिवर्तन
कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के कार्यों और उनकी राजनीति की सराहना की। उनका कहना है कि केजरीवाल की नीतियां जनता के हित में हैं और इससे प्रेरित होकर उन्होंने आप का दामन थामा। यूथ कांग्रेस के महासचिव रहे शमी मलिक ने कहा कि मुस्तफाबाद में आप विधायक हाजी यूनुस ने जो विकास कार्य किए हैं, वह किसी अन्य पार्टी के विधायक नहीं कर सके।
संजय सिंह ने किया स्वागत, शमीला बेगम को सराहा
इस अवसर पर संजय सिंह ने शमीला बेगम और उनके समर्थकों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शमीला बेगम और उनके पति ने बिना आप सदस्यता के भी भाजपा की खरीद-फरोख्त राजनीति का विरोध किया था। उनकी इस निष्ठा और सहयोग के कारण ही आप ने दिल्ली में मेयर पद का चुनाव बेहद कम अंतर से जीता।
कई प्रमुख नेता आप में शामिल हुए
शमीला बेगम के साथ कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हाजी मोहम्मद खुशनूद, यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन, ब्लॉक अध्यक्ष शौकीन मलिक, महासचिव शमी मलिक, और कांग्रेस जेजे सेल के उपाध्यक्ष नफीज सैफी समेत कई नेता आप में शामिल हुए। इन सभी ने कहा कि वे आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर दिल्ली में मजबूत सरकार बनाने की दिशा में काम करेंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।