नोएडा स्टेडियम में रामलीला का भव्य मंचन, हनुमान लाए संजीवनी से लक्ष्मण हुए सचेत

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (01/10/2025): श्री सनातन धर्म रामलीला समिति के तत्वावधान में हरि भक्ति कला ट्रस्ट द्वारा नोएडा स्टेडियम में आयोजित रामलीला का मंचन भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समिति के महासचिव संजय बाली ने बताया कि इस प्रस्तुति में विभीषण शरणागत, प्रभु श्रीराम का समुद्र से मार्ग के लिए विनय करना, नल-नील द्वारा सेतु (bridge) निर्माण, अंगद और रावण संवाद, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, लक्ष्मण जी का मूर्छित होना तथा हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लेकर लक्ष्मण को सचेत करने जैसे प्रसंगों का प्रभावशाली चित्रण किया गया।

मंचन की शुरुआत समुद्र से मार्ग देने की प्रार्थना के दृश्य से हुई। जब समुद्र ने श्रीराम की विनती अस्वीकार कर दी, तब क्रोधित होकर राम ने अग्निबाण का संधान किया। भयभीत समुद्र ने क्षमा मांगते हुए नल-नील द्वारा पुल (bridge) निर्माण का मार्ग सुझाया। इसके पश्चात रावण द्वारा रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग की स्थापना, अंगद द्वारा रावण को शांति संदेश और उसके अहंकारपूर्ण अस्वीकार के बाद मेघनाद युद्ध का दृश्य दर्शाया गया। मेघनाद द्वारा शक्ति प्रयोग से लक्ष्मण जी मूर्छित हो गए, जिसके बाद हनुमान जी संजीवनी बूटी लाने हिमालय पहुँचे और संजीवनी से लक्ष्मण पुनः जीवित हो उठे।

कलाकारों ने अपने-अपने चरित्रों को जीवंत बना दिया। अभिमन्यु चौधरी (श्रीराम), गर्व गुप्ता (लक्ष्मण), तानिया कौर अरोड़ा (सीता), मोहित शर्मा (हनुमान), अमित शर्मा (रावण), मनीष (मेघनाद), हरिओम (कालनेमी), महेश (विभीषण) और नितिन (सुग्रीव) के अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दर्शक बार-बार तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। मंचन मात्र एक नाट्य अभिनय न होकर सनातन संस्कृति (Sanatan Culture), धर्म (religion), भक्ति (devotion) और जीवन मूल्यों का सजीव संदेश बन गया।

इस अवसर पर डॉ. टी.एन. गोविल, टी.एन. चौरसिया, अल्पेश गर्ग, केशव गंगल, डॉ. एस.पी. जैन, रामकुमार शर्मा, एन.पी. सिंह, रोहित श्रीवास्तव, एन.के. अग्रवाल, कुलदीप गोयल, लोकेश कश्यप, पी.के. गुप्ता, पुनीत शुक्ला समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और दर्शक उपस्थित रहे। समिति ने दर्शकों से आगामी लीलाओं में भी सपरिवार पधारने का आग्रह किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।