डबल इंजन की सरकार के सहयोग से यूपी ने पकड़ा अनस्टॉपेबल रफ्तार: केन्द्रीय मंत्री पियूष गोयल | UPITS
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (29/09/2025): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट (India Expo Mart) में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (Uttar Pradesh International Trade Show) के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Union Minister Piyush Goyal) ने राज्य की प्रगति और केंद्र सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णायक नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। गोयल ने कहा कि आज यूपी “अनस्टॉपेबल” रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और औद्योगिक विकास की दिशा में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है।
नवरात्रि और बड़े सुधारों का उल्लेख
पीयूष गोयल ने अपने भाषण की शुरुआत नवरात्रि की शुभकामनाओं से करते हुए कहा कि इस बार त्योहारों का मौसम जनता के लिए राहत और खुशियों का संदेश लेकर आया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने रोजमर्रा की जरूरत की चीजों को सस्ता कर एक बड़ा तोहफा दिया है। गोयल ने 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आजादी के बाद का सबसे बड़ा सुधार इसी दिन हुआ है, जिसका प्रभाव आने वाले वर्षों तक देश की अर्थव्यवस्था पर दिखेगा।
भारत की आर्थिक प्रगति पर जोर
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत को “फ्रैजाइल फाइव” अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था और भ्रष्टाचार चरम पर था। लेकिन पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने पारदर्शी नीतियां बनाकर भारत की छवि बदली है। कोयला खदानों से लेकर ठेकों तक, हर व्यवस्था में पारदर्शिता लाई गई और नीलामी के जरिए सरकारी खजाने की आमदनी बढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और दो साल में तीसरे स्थान पर पहुंचने का अनुमान है।

महंगाई और ब्याज दरों में सुधार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज भारत की जीडीपी 7.5 प्रतिशत से अधिक की दर से बढ़ रही है और पिछली तिमाही में यह 7.8 प्रतिशत रही। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद किसी भी दशक की तुलना में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में सबसे कम औसत महंगाई दर्ज हुई है जो 2 प्रतिशत रही। वहीं ब्याज दरों में भी भारी गिरावट आई है, जिससे व्यापारियों और निवेशकों को सीधा लाभ मिला है।
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और व्यापारिक सुविधाएं
गोयल ने कहा कि भारत ने हाल ही में कई यूरोपीय देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया है, जो 1 अक्टूबर से लागू होगा। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और अन्य वैश्विक देशों के साथ समझौते करने की दिशा में काम कर रही है। इससे न केवल निर्यातकों को बाजार मिलेगा बल्कि व्यापारियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसर भी बढ़ेंगे।
उत्तर प्रदेश में बदलता माहौल
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में व्यापारियों के लिए भय का वातावरण था, जहां आए दिन हत्याएं और हमले होते थे। लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार के आने के बाद प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल स्थापित हुआ। उन्होंने बताया कि लखनऊ, आगरा और बनारस में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स मॉल बनाए जा रहे हैं, जहां वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) से जुड़े सामानों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे यूपी को औद्योगिक हब के रूप में मजबूती मिलेगी।

स्वदेशी और विकसित भारत का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर पीयूष गोयल ने सभी नागरिकों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब हम अपने देश में बने सामान खरीदेंगे, तभी भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो को लगातार तीसरे वर्ष सफल आयोजन बताते हुए इसे व्यापारियों और आयोजकों की मेहनत का परिणाम बताया। साथ ही आने वाले त्यौहारों की शुभकामनाएं देते हुए अपने भाषण का समापन किया।।
इस विशेष मौके पर मंच पर उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और इंडिया एक्सपो मार्ट के अध्यक्ष डॉक्टर राकेश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। जहां राकेश सचान ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।