श्री रामलीला कमेटी: सीता स्वयंवर में 50 फिट का धनुष 55 फिट की ऊंचाई पर टूटा, जय-जयकार का माहौल
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (27/09/2025): श्री रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित विजय महोत्सव 2025 का आयोजन साइट-4 में भव्य रूप से चल रहा है। आज की लीला गणेश वंदना के साथ प्रारंभ हुई, जिसमें प्रमुख अतिथि सुरेन्द्र सिंह नागर, राज्यसभा सांसद, उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही मंचन की शुरुआत हुई, जिसमें कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि आज की मुख्य लीला सीता स्वयंवर की थी। जनकपुरी में देश-विदेश से आए सभी राजा धनुष पर अपना बल आजमाने का प्रयास करते हैं, लेकिन असफल रहते हैं। निराश जनक के कटु वचन सुनकर लक्ष्मण क्रोधित हो जाते हैं, तब श्री राम उन्हें शांत कराते हैं। इसके बाद ऋषि विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्री राम धनुष उठाते हैं और यह धनुष 55 फिट की ऊंचाई पर टूट जाता है। इस नजारे को देखकर दर्शक उत्साह से झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से रामलीला ग्राउंड गूंज उठा।

महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि, धनुष टूटने के बाद दर्शकों ने जय-जयकार किया। इस रोमांचक क्षण के बाद सीता जी ने श्री राम को जयमाला पहनाई और श्री राम ने भी सीता को जयमाला पहनाई। इसके बाद बधाई गीतों के साथ आयोजन और भी भव्य बन गया।
संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि, धनुष टूटने के बाद परशुराम क्रोधित होकर आते हैं। उनके और लक्ष्मण के संवाद के दौरान श्री राम ने शांति स्थापित की। उसके बाद अयोध्या से बारात आई और चारों भाइयों का विवाह संपन्न हुआ। अयोध्या में चारों ओर खुशी की लहर दौड़ गई और तीनों रानियों ने नवविवाहित बहुओं की आरती उतारकर उनका स्वागत किया।
मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि, कल की लीला में राज्याभिषेक, मंथरा-कैकेयी संवाद, श्रवण वध, दशरथ मरण, राम वनवास, गुहूराज से भेंट, राम-केवट संवाद जैसी प्रमुख लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह, धर्मपाल प्रधान, महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
साइट-4 रामलीला ने पूरे उत्तर भारत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। समाजवादी राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा, यह सफलता पूरी कमेटी की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। वहीं राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, श्री राम का चरित्र हमें सिखाता है कि शत्रु से भी मर्यादा और संयम के साथ व्यवहार करना चाहिए। भावी पीढ़ी को श्री राम के जीवन से प्रेरणा अवश्य लेनी चाहिए। रामलीला के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक रंग भर दिए, बल्कि दर्शकों और युवाओं को जीवन के नैतिक और सामाजिक मूल्यों की शिक्षा भी दी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।