कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने AAP सरकार पर भ्रष्टाचार और झूठे वादों का लगाया आरोप!, क्या कहा?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (02 जनवरी 2024): नई दिल्ली से कांग्रेस के प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने राजधानी के कांस्टीट्यूशन क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें उन्होंने अरविंद केजरीवाल की 2014-2024 के कार्यकाल के दौरान किए गए वादों को झूठा और उनकी सरकार को भ्रष्टाचार से ग्रसित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने उनके और उनकी मां पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए हैं।

संदीप दीक्षित ने टेन न्यूज से विशेष बातचीत में बताया कि हाल ही में आप सांसद संजय सिंह और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से करोड़ों रुपये लेने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने इस आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री के पास सबूत हैं, तो वे इसे साबित करें। अन्यथा, उन पर मानहानि का मुकदमा किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर 100 में से 5 लोग भी इस झूठे आरोप को सच मान लें, तो यह मेरी छवि को नुकसान पहुंचाएगा। मुझे निर्दोष साबित करने के लिए मेरे पास सीबीआई, ईडी, या एंटी करप्शन ब्यूरो जैसे साधन नहीं हैं। इसलिए मैं मुख्यमंत्री से इस आरोप को साबित करने या जेल जाने की मांग करता हूं।”

मुख्यमंत्री आवास और शराब नीति पर निशाना

संदीप दीक्षित ने केजरीवाल के सरकारी आवास पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति पहले घर न लेने की बात करता था, वह अब एक आलीशान कोठी में रहता है, जो अयाशी का प्रतीक है। उनके घर में मिनी बार होने की जानकारी ऑडिट रिपोर्ट से मिली। यह वही सरकार है जो शराब के खिलाफ होने का दावा करती है, लेकिन खुद शराब से पैसा कमाने और अपने घर में शराब रखने की व्यवस्था करती है।”

पंजाब और दिल्ली की योजनाओं पर संदेह

उन्होंने आम आदमी पार्टी की योजनाओं पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पंजाब में लागू की गई योजनाएं अधूरी रह गईं, जिससे वहां की जनता को धोखा मिला। यही स्थिति दिल्ली में भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की योजनाओं के पीछे कोई ठोस आधार नहीं है।

संविधान का अपमान कर रही है सरकार

संदीप दीक्षित ने आप नेताओं द्वारा संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ की जा रही बयानबाजी की निंदा की। उन्होंने कहा, “किसी चुने हुए प्रतिनिधि को अस्थायी कहना संविधान का अपमान है, जो बेहद निंदनीय है।”

संदीप दीक्षित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता से अपील की कि वे सरकार की सच्चाई को समझें और झूठे वादों और भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े हों।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।