गोरखपुर की कौशल्या देवी बनीं ‘लखपति दीदी’, UPITS 2025 में पीएम मोदी ने सुनी सफलता की कहानी

 

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (25/09/2025): यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2025) न केवल व्यापारिक अवसरों का मंच बन रहा है, बल्कि यह राज्य की ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता की कहानियों को भी देश-दुनिया के सामने ला रहा है। इसी कड़ी में गोरखपुर की चौरीचौरा तहसील की पशुपालक कौशल्या देवी चर्चा का केन्द्र बनीं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस भव्य आयोजन में उनसे संवाद किया और उनकी मेहनत व उपलब्धियों की सराहना की।

कुछ वर्ष पहले तक कौशल्या देवी का जीवन साधारण पशुपालक महिला की तरह था। परिवार की आय सीमित थी और घर में केवल दो ही पशु थे। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से स्थापित श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (MPO) से जुड़कर उनकी दुनिया बदल गई। कौशल्या ने महज डेढ़ साल में लगभग 14 लाख रुपये की आय अर्जित कर आत्मनिर्भरता का नया आयाम स्थापित किया है। उनकी पशुधन संख्या भी अब बढ़कर 14 हो चुकी है।

UPITS-2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने सहजता से कौशल्या देवी से उनका नाम, गांव और कामकाज के बारे में पूछा। कौशल्या ने उन्हें बताया कि MPO से जुड़ने के बाद न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है बल्कि घर की ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए बायोगैस यूनिट भी उपलब्ध कराया गया है। अब उन्हें गैस सिलिंडर खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

पीएम मोदी ने उनकी लगन और प्रगति की प्रशंसा करते हुए इसे नारी सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण बताया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जुलाई माह में लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कौशल्या की सफलता की सराहना कर चुके हैं।

MPO के मुख्य कार्यपालक अधिकारी धनराज साहनी के अनुसार, सिर्फ डेढ़ वर्ष में गोरखपुर मंडल की 31 हजार महिलाएं शेयरहोल्डर बन चुकी हैं। संस्था का टर्नओवर 115 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

प्रतिदिन 65 हजार लीटर दूध का संग्रह किया जाता है।

अब तक 93 करोड़ रुपये का भुगतान महिला सदस्यों को किया जा चुका है।

करीब 1841 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर ग्रामीण समाज में मिसाल पेश कर रही हैं।

शेष महिलाएं भी प्रतिमाह औसतन 7-8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय घर बैठे अर्जित कर रही हैं।

सुविधाएं और भविष्य की राह:

MPO न केवल दुग्ध उत्पादन और विपणन की व्यवस्था करता है, बल्कि महिला सदस्यों को पशु आहार, खनिज मिश्रण, थनैला रोग जांच, कृत्रिम गर्भाधान पंजीकरण जैसी सुविधाएं भी देता है। इससे दूध उत्पादन की गुणवत्ता और मात्रा दोनों में लगातार वृद्धि हो रही है।

ग्रेटर नोएडा एक्सपोमार्ट में आयोजित UP International Trade Show 2025 में जहां एक ओर उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति और निवेश संभावनाएं प्रदर्शित की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं की इन प्रेरणादायक कहानियों ने कार्यक्रम को नई पहचान दी है। कौशल्या देवी जैसी ‘लखपति दीदी’ इस बात की गवाही हैं कि राज्य सरकार के विजन और केंद्र सरकार के सहयोग से महिला सशक्तिकरण अब सिर्फ नारे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जमीन पर सफलता की ठोस कहानियां बन रहा है। इस प्रकार UPITS-2025 केवल कारोबार का प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि महिलाओं की आर्थिक आजादी और ग्रामीण समृद्धि का भी प्रतीक बनकर उभर रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।