पुजारी–ग्रंथि सम्मान योजना: केजरीवाल सरकार की घोषणा पर उठे सवाल, पुजारियों ने किया विरोध!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (2 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं, और राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए नई योजनाएं पेश कर रहे हैं। इसी क्रम में दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने हाल ही में “पुजारी–ग्रंथि सम्मान योजना” की घोषणा की, जिसमें मंदिरों के पुजारियों को सम्मान राशि देने का वादा किया गया है। हालांकि, यह योजना अब विवादों में घिर गई है क्योंकि मंदिरों के पुजारी इसे राजनीति से प्रेरित और चुनावी एजेंडा मान रहे हैं।

मुस्तफाबाद के गौरी शंकर मंदिर के पंडित हरिमोहन जी ने केजरीवाल सरकार की इस योजना पर तीखा हमला बोला। एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने दिल्ली की जनता और पुजारियों को इस योजना के पीछे की मंशा को समझने और सतर्क रहने की अपील की। पंडित हरिमोहन ने कहा कि कुछ समय पहले यही सरकार पुजारियों को हतोत्साहित कर रही थी और जनता को बच्चों को मंदिरों से दूर रखने की सलाह दे रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब, चुनाव के समय, वही सरकार पुजारियों को लुभाने का प्रयास कर रही है।

पंडित हरिमोहन ने कहा, “पहले केजरीवाल सरकार हमें मंदिरों और पुजारियों को हेय दृष्टि से देखती थी और हमारे खिलाफ घृणा का माहौल बनाती थी। अब जब वोटों की जरूरत पड़ी तो उन्हें पुजारियों की अहमियत याद आई है।” उन्होंने भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा पुजारियों के प्रति सहानुभूति और समर्थन दिखाया है, जबकि ‘आप’ सरकार केवल चुनावी लाभ के लिए पुजारियों की बात कर रही है।

दिल्ली की जनता और पुजारियों को संबोधित करते हुए पंडित हरिमोहन ने कहा कि यह योजना केवल एक राजनीतिक स्टंट है, और जनता को इसे समझकर सही निर्णय लेना चाहिए। पुजारियों के इस विरोध से “आप” सरकार की रणनीति पर सवाल खड़े हो रहे हैं, और यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी माहौल में इसका क्या प्रभाव पड़ता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।