शीश महल विवाद: केजरीवाल ने शीला दीक्षित पर लगाए थे अय्याशी के आरोप, अब खुद घेरे में…

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (2 जनवरी 2025): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का शीश महल विवाद चुनावी माहौल में गरमा गया है। बीजेपी और अन्य विपक्षी पार्टियों ने केजरीवाल पर जनता के पैसों का दुरुपयोग कर खुद के लिए शीश महल बनाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इस महल को तैयार करने के लिए विदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया और इसे पूरी तरह से आलीशान तरीके से सजाया गया है।

हाल ही में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि जब 2013 में शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं, तब आम आदमी पार्टी ने उनके सरकारी आवास में 12 एसी लगाए जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था। उस समय केजरीवाल ने शीला दीक्षित को ‘अय्याश’ तक कह दिया था।

संदीप दीक्षित ने यह भी खुलासा किया कि केजरीवाल ने उनके निजी जीवन में हस्तक्षेप करते हुए उनके कुत्तों के खाने के खर्च का विवरण मांगने के लिए आरटीआई दाखिल की थी। उन्होंने कहा, “केजरीवाल का यह कदम पूरी तरह से अनुचित था, क्योंकि किसी व्यक्ति की निजी तनख्वाह से जुड़े खर्च पर सवाल उठाना कानूनन गलत है।”

विपक्ष ने केजरीवाल की आलोचना करते हुए सवाल उठाए हैं कि जब उन्होंने शीला दीक्षित पर इस तरह के आरोप लगाए थे, तो अब खुद शीश महल जैसे भव्य आवास का औचित्य कैसे साबित करेंगे। केजरीवाल ने सफाई देते हुए कहा है कि यह आवास केवल उनका नहीं, बल्कि आने वाले सभी मुख्यमंत्रियों के लिए है।

चुनाव से ठीक पहले उठे इस विवाद ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। जहां एक ओर बीजेपी और कांग्रेस इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश कर रही हैं, वहीं ‘आप’ इसे राजनीतिक साजिश करार दे रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।