केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का 51वां स्थापना दिवस : नए भवन का शिलान्यास, समीर 2.0 ऐप लॉन्च
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (22 September 2025): केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने आज परिवेश भवन, नई दिल्ली में अपना 51वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सीपीसीबी के कर्मचारियों और अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन ने बीते पांच दशकों में देश में अपनी विश्वसनीयता कायम रखी है और न्यायालयों तथा नागरिकों का भरोसा जीता है।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल तकनीकी विषय नहीं है, बल्कि सामाजिक व्यवहार में बदलाव और सामूहिक चेतना का हिस्सा भी है। उन्होंने विज्ञान और समाजशास्त्र को एक साथ जोड़कर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी के संतुलित विकास के लिए नए पर्यावरणीय नियम और मानदंड विकसित करना जरूरी है। इस दिशा में आईआईटी, प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों और अग्रणी अनुसंधान निकायों के साथ सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सीपीसीबी के नए भवन की आधारशिला रखी और पुणे व शिलांग स्थित क्षेत्रीय निदेशालयों में नई अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया। ये प्रयोगशालाएं क्रमशः 70 और 62 पर्यावरणीय मापदंडों की निगरानी करने में सक्षम होंगी तथा महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को सेवाएं प्रदान करेंगी।
इस मौके पर नागरिकों की बेहतर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समीर ऐप का नया संस्करण समीर 2.0 भी लॉन्च किया गया। यह ऐप अधिक यूजर-फ्रेंडली इंटरफ़ेस, व्यक्तिगत अलर्ट, स्थान-आधारित सेवाएं और उन्नत कार्यक्षमता जैसी सुविधाओं से युक्त है। एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध यह ऐप वायु गुणवत्ता और प्रदूषण संबंधी जानकारी आम लोगों तक आसानी से पहुंचाएगा।
भूपेंद्र यादव ने सीपीसीबी के 13 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए और ‘प्रदूषित नदी खंडों का वर्गीकरण, 2025’ शीर्षक से एक तकनीकी रिपोर्ट तथा ‘आईडेंटिफिकेशन ऑफ नॉन पॉल्यूटेड एंड पॉल्यूटेड स्ट्रेचेज एंड वाटर बॉडीज थ्रू फ्रेश वाटर बेन्थिक मैक्रोइनवर्टेब्रेट्स इन इंडिया’ शीर्षक से एक मैनुअल भी जारी किया।
समारोह में पर्यावरण मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार, महानिदेशक (वन) एवं विशेष सचिव सुशील कुमार अवस्थी, अपर सचिव और सीपीसीबी अध्यक्ष वीर विक्रम यादव, अपर सचिव अमनदीप गर्ग सहित मंत्रालय व राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।